Wednesday, July 29, 2026
spot_imgspot_imgspot_img

पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता, AAP नेता लकी ओबेरॉय की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की हत्या मामले में पंजाब पुलिस ने मुख्य आरोपी शमिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.

जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसका नाम शमिंदर सिंह है. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल भी बरामद की है.
जानकारी के मुताबिक अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने शनिवार (7 फरवरी) को अमृतसर के खासा इलाके में गोलीबारी के बाद लकी ओबेरॉय हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से 30 बोर की बरेटा पिस्तौल बरामद की गई है.

आरोपी का है आपराधिक रिकॉर्ड

सीमा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक संदीप गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जालंधर के मीठापुर निवासी शमिंदर सिंह के रूप में हुई है.उन्होंने बताया कि शमिंदर सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी अपराध कर चुका है. इसके साथ ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

आरोपी के पैर में लगी गोली

गोयल के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या करने के बाद शमिंदर सिंह अमृतसर के खासा इलाके में छिपकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है. सूचना के आधार पर जब पुलिस दल ने इलाके को घेर लिया, तो आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी.जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Punjab Police (2)

संतुलन बिगड़ने से गाड़ी से नीचे गिरा

अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने बताया कि खासा के पास पुलिस अधिकारियों ने घेराबंदी की थी. बाइक पर सवार शमिंदर सिंह को रुकने का इशारा किया गया तो उसने घबराकर बाइक को पीछे मोड़ने की कोशिश की. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और पुलिस से बचने के लिए अंधाधुंध फायरिंग करने लगा. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लग गई. इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.

AAP नेता लकी ओबेरॉय की हत्या

दरअसल शुक्रवार (6 फरवरी) सुबह जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा पार्किंग में मत्था टेककर लौट रहे AAP नेता सतविंदर पाल सिंह उर्फ लकी ओबेरॉय की सफेद रंग की एक्टिवा गाड़ी में सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के हड़कंप मच गया था. डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद, अपराध में शामिल आरोपियों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए समन्वित प्रयास शुरू किए गए.

खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई

उन्होंने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला कि आरोपियों में से एक, शमिंदर सिंह, हत्या करने के बाद गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है और खासा इलाके में छिपा हुआ है.उन्होंने आगे बताया कि इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी और चेकिंग तेज कर दी. वहीं एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने लकी ओबेरॉय की हत्या में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं. इन खुलासों के आधार पर शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए आगे की छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है.

हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी

AAP नेता लकी ओबेरॉय की हत्या के बाद, 6 फरवरी को जालंधर पुलिस स्टेशन डिवीजन नंबर 6 में आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 25 दर्ज की गई थी. इस मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 103(1) (हत्या), 3(5), 61(2) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुट गई है.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Punjab News