विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने लंबे समय से चल रहे रेप केस में गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी विधायक को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक विशेष ऑपरेशन के बाद पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई दो दिन तक चली सर्च ऑपरेशन के बाद सफल हो पाई।
जानकारी के अनुसार, पठानमाजरा पिछले करीब छह महीने से फरार थे। केस दर्ज होने के बाद वह पहले हरियाणा के करनाल में पुलिस की पकड़ में आए थे, लेकिन वहां से भी फरार होने में सफल रहे। इसके बाद उनके विदेश भागने की खबर सामने आई और पुलिस ने उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया।
बताया जा रहा है कि वह हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटे थे और सुप्रीम कोर्ट में अपनी याचिका की सुनवाई के लिए दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस को उनकी मूवमेंट की सूचना मिली और उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पटियाला के एसएसपी के मुताबिक, आरोपी को शिवपुरी से उनके तीन साथियों समेत हिरासत में लिया गया है और उन्हें पंजाब लाया जा चुका है। वहीं, उनके वकील का कहना है कि भगोड़ा घोषित किए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है।
जानें क्या हैं आरोप?
महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में विवाह का प्रस्ताव दिया। महिला का आरोप है कि झूठी जानकारी के आधार पर शादी की गई और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
महिला ने यह भी दावा किया कि बाद में उसे पता चला कि विधायक पहले से शादीशुदा हैं और उन्होंने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाई थी। इसके साथ ही, उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने निजी वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और मानसिक दबाव बनाया।
पुलिस ने इस मामले में रेप, धोखाधड़ी और धमकी जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। गौरतलब है कि शिकायत पहले दी गई थी, लेकिन काफी समय बाद इस पर FIR दर्ज की गई, जिसे लेकर भी सवाल उठे हैं।
वीडियो विवाद भी आया था सामने
इस मामले से पहले विधायक का एक कथित आपत्तिजनक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि, उस समय उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि वह अपनी पत्नी के साथ निजी बातचीत कर रहे थे और वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस केस में और खुलासे होने की संभावना है।