Home Latest News Hoshiarpur में ज्वैलरी शॉप में 1.25 करोड़ की चोरी, 20 मिनट में...

Hoshiarpur में ज्वैलरी शॉप में 1.25 करोड़ की चोरी, 20 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

96
0

पंजाब के होशियारपुर जिले में लोहड़ी की रात एक बड़ी चोरी की वारदात हुई

पंजाब के होशियारपुर जिले में लोहड़ी की रात एक बड़ी चोरी की वारदात हुई, जहां मुकेरियां-तलवाड़ा रोड पर स्थित ‘जोए’ नाम की ज्वैलरी शॉप में चोरों ने करीब 1.25 करोड़ रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना को 12 से 15 चोरों ने मिलकर अंजाम दिया और पूरी वारदात सिर्फ 20 मिनट में पूरी कर ली। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसने के बाद 45 किलो चांदी, करीब 250 ग्राम सोना और ग्राहकों के रखे गए लगभग 180 ग्राम सोने के गहने चुरा लिए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
लोहड़ी की रात बंद हुई थी दुकान
दुकान के मालिक अनुज महाजन ने बताया कि उन्होंने लोहड़ी के मौके पर रोज की तरह रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद की थी। देर रात करीब 1:15 बजे पड़ोसी सेवा सिंह ने फोन कर उन्हें बताया कि कुछ लोग दुकान का शटर तोड़ रहे हैं। सूचना मिलने के करीब 25 मिनट बाद जब अनुज महाजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
20 मिनट तक दुकान में मौजूद रहे चोर
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि चोर करीब 20 मिनट तक दुकान के अंदर रहे। इस दौरान उन्होंने आराम से अलमारियों और काउंटरों को तोड़कर कीमती गहने समेटे। दुकानदार ने पुलिस से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में कुछ आरोपियों के चेहरे नजर आ रहे हैं, लेकिन अंधेरा और ब्लैक एंड व्हाइट कैमरे होने के कारण पहचान साफ नहीं हो पा रही है। फुटेज में यह भी देखा गया है कि सभी चोरों के हाथों में लोहे की रॉड थीं।
पुलिस के अनुसार, चोर पैदल दुकान तक आते और जाते दिखाई दे रहे हैं। आशंका है कि उन्होंने अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी की होगी। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि चोरों की पहचान और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। फिलहाल, दुकानदार ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here