जालंधर में नहर से एक नवजात बच्चे का शव बरामद हुआ है।
मामला बस्ती बावा खेल क्षेत्र के बाबा बुड्ढा जी पुल के पास नहर से एक नवजात बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। नहर के किनारे खेल रहे कुछ बच्चों ने सबसे पहले शव को देखा, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया।
2 से 3 महीने का बताया जा रहा बच्चा
मौके पर जांच कर रहे पुलिस कर्मचारी सुखदयाल ने बताया कि शुरुआती जांच में बच्चे की उम्र करीब 2 से 3 महीने प्रतीत हो रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव नहर में कैसे पहुंचा।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि राजा गार्डन इलाके के पास नहर में शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस टीम भेजी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नहर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव किसने और कब नहर में फेंका। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।