आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जालंधर महानगर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शहर के मॉडल टाउन इलाके में स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई। उस समय लक्की ओबेरॉय गुरुद्वारे में मत्था टेकने पहुंचे थे। गंभीर रूप से घायल लक्की ओबेरॉय को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
कैसे हुई वारदात?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही लक्की ओबेरॉय गुरुद्वारे के बाहर पहुंचे, अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उनके शरीर में करीब पांच गोलियां लगीं। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
एक्टिवा सवार आरोपियो की CCTV आई सामने
इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। फुटेज में सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवक दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि यही दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हुए। पुलिस इन तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
कॉलेज प्रधानगी को लेकर…
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हत्या के पीछे कॉलेज की प्रधानगी (प्रेसिडेंसी) को लेकर विवाद सामने आ रहा है। एक गैंग से जुड़े व्यक्ति जस्स भुट्टर ने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। उस पोस्ट में लिखा गया कि “जब हमने खालसा कॉलेज जालंधर का प्रधान लगाया था, तो सबको बता कर लगाया था।” इस पोस्ट के बाद मामले को गैंग राइवलरी और वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है।
जांच में जुटी पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। एडिशनल डीसीपी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दो आरोपी मौके पर आए थे उनमें से एक ने कई राउंड फायरिंग की। हत्या की असली वजह की जांच अभी जारी है। पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, फॉरेंसिक टीम भी सबूत जुटाने में लगी हुई है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
शहर में तनाव का माहौल
इस वारदात के बाद जालंधर शहर में डर और तनाव का माहौल है। लोग दिनदहाड़े हुई इस हत्या से सहमे हुए हैं। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।