चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास पुलिस की ऑपरेशन सेल और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई।
चंडीगढ़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली एएसआई केशव दहिया की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस ने भी जवाबी एक्शन में 2 राउंड फायर किए। इसके बाद घेराबंदी कर टीम ने कपूरथला में गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के करीबी गोपी निज्जर हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी धीरज कुमार के अुनसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के अजय कुमार उर्फ जोबन और प्रभजोत के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक जिगाना पिस्टल, एक ग्लॉक पिस्टल और एक .32 बोर पिस्टल बरामद की गई है।

फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस।
पुलिस पर किए 5 राउंड फायर
ऑपरेशन सेल को सूचना मिली थी कि गोपी निज्जर हत्याकांड में वांछित आरोपी सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की।
जैसे ही पुलिस ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 7 राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
मौके से हथियार और सबूत जुटाए
घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सबूत कब्जे में लिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपियों पर लंबे समय से पुलिस की नजर थी और कई गंभीर मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके गैंग नेटवर्क और शहर में संभावित वारदात की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है।






































