अमृतसर में 6 जून को मनाई जाने वाली घल्लूघारा दिवस (ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी) के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अमृतसर में 6 जून को मनाई जाने वाली घल्लूघारा दिवस (ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी) के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी सिलसिले में पंजाब पुलिस के विशेष डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने आज अमृतसर पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की और तैनात पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पूरे क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा घेरा तैयार किया है।
11 अर्धसैनिक कंपनियां और 2500 पुलिसकर्मी तैनात
जानकारी के अनुसार अमृतसर और आसपास के जिलों में कुल 11 केंद्रीय अर्धसैनिक कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें बीएसएफ और आरएएफ जैसी इकाइयां शामिल हैं। इसके अलावा शहर में लगभग 2500 से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 30 वरिष्ठ अधिकारी लगातार ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने कहा कि इस समय धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियों में वृद्धि को देखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित होने के कारण अमृतसर संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन की पूरी तैयारी
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाल ही में सामने आई कुछ घटनाओं का 6 जून के आयोजनों से कोई सीधा संबंध नहीं है। पुलिस पहले से ही संभावित खतरों को लेकर सतर्क थी और समय रहते कार्रवाई की गई है। इस पूरे सुरक्षा अभियान में प्रशासन का नेतृत्व राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएंगे और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।