Home Latest News Arijit Singh ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का किया ऐलान, जानिए क्या है...

Arijit Singh ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का किया ऐलान, जानिए क्या है इसकी असली वजह

56
0

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है, जिसे सुनकर उनके करोड़ों फैंस का दिल टूट गया है। 38 साल की उम्र में करियर के शिखर पर पहुंचकर ऐसा फैसला लेना हर किसी को हैरान कर रहा है। किसी ने नहीं सोचा था कि अरिजीत सिंह इतनी कम उम्र में फिल्मों के लिए गाना छोड़ने का फैसला करेंगे। हाल ही में अरिजीत की आवाज में फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का देशभक्ति गीत ‘मातृभूमि’ रिलीज हुआ है। वहीं ‘बॉर्डर 2’ के लिए उन्होंने ‘घर कब आओगे’ जैसे भावुक गाने को आवाज दी। इन गानों ने फैंस को भावुक कर दिया, लेकिन इसी बीच प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की खबर ने सभी को चौंका दिया।
अब नए प्रोजेक्ट साइन नहीं करेंगे अरिजीत सिंह
इस साल बॉलीवुड में कई बड़े प्रोजेक्ट्स लाइन में हैं और माना जा रहा था कि अरिजीत सिंह भी कई फिल्मों में अपनी आवाज देंगे, लेकिन सिंगर ने साफ कर दिया है कि वह अब कोई नया प्लेबैक प्रोजेक्ट साइन नहीं करेंगे। उन्होंने 27 जनवरी को अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर यह जानकारी दी और बाद में इंस्टाग्राम पर भी एक बयान साझा किया। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनसे अपील कर रहे हैं कि वे अपने निर्णय पर दोबारा विचार करें। साथ ही हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का फैसला लिया।
अरिजीत सिंह ने खुद बताई संन्यास की वजह
अरिजीत सिंह ने अपने पोस्ट में साफ किया कि यह फैसला न तो जल्दबाजी में लिया गया है और न ही इसके पीछे कोई एक वजह है। उन्होंने लिखा कि वह काफी समय से इस पर सोच रहे थे और आखिरकार उन्होंने यह कदम उठाया। इसके पीछे कई कारण हैं, जिन पर वह लंबे वक्त से विचार कर रहे थे। यह फैसला अचानक नहीं लिया गया है।
अरिजीत सिंह ने बताया कि वह जल्दी बोर हो जाते हैं और लगातार एक जैसे काम से उनकी दिलचस्पी खत्म होने लगती है। यही वजह है कि वह अपने गानों को अलग-अलग अंदाज में पेश करते रहते हैं। उन्होंने माना कि वह मानसिक रूप से थक चुके हैं और अब खुद को नए तरह के म्यूजिक में आजमाना चाहते हैं। आगे बढ़ने के लिए उन्हें नए प्रयोग करने की जरूरत महसूस हो रही है।
नए सिंगर्स को मौका देना चाहते हैं अरिजीत
अरिजीत सिंह ने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि नए और टैलेंटेड सिंगर्स को आगे आने का मौका मिले। वह ऐसे नए कलाकारों को सुनना चाहते हैं, जो उन्हें प्रेरित कर सकें। इसी सोच के चलते उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से हटने का फैसला लिया है। हालांकि अरिजीत सिंह ने साफ किया है कि वह म्यूजिक बनाना पूरी तरह से नहीं छोड़ रहे हैं। कुछ अधूरे प्रोजेक्ट्स अभी बाकी हैं, जिन्हें वह पूरा करेंगे। ऐसे में इस साल उनके कुछ गाने रिलीज हो सकते हैं। वह भविष्य में एक छोटे कलाकार की तरह सीखते रहेंगे और अच्छे म्यूजिक का हिस्सा बने रहेंगे।
अरिजीत सिंह का अब तक का सफर
अरिजीत सिंह का जन्म साल 1987 में पश्चिम बंगाल के जियागंज में हुआ था। म्यूजिक उन्हें विरासत में मिला, क्योंकि उनकी मां शास्त्रीय गायिका थीं और मौसी तबला वादक। उन्होंने कम उम्र में ही शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। साल 2005 में उन्होंने रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ में हिस्सा लिया। भले ही वह शो नहीं जीत पाए, लेकिन उनकी आवाज ने लोगों और जजों का दिल जीत लिया। इसके बाद उन्होंने ’10 के 10 ले गए दिल’ शो में जीत हासिल की। बॉलीवुड में उन्हें असली पहचान फिल्म ‘आशिकी 2’ के सुपरहिट गाने ‘तुम ही हो’ से मिली। इस गाने के बाद अरिजीत सिंह ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक हिट गाने दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here