Home Latest News Asian Games 2023 के कांस्य विजेता अंगद वीर सिंह बाजवा ने...

Asian Games 2023 के कांस्य विजेता अंगद वीर सिंह बाजवा ने ली कनाडा की नागरिकता

36
0

भारत को पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाने वाले शॉटगन निशानेबाज अंगद वीर सिंह बाजवा ने कनाडा की नागरिकता ले ली है।

 एशियन गेम्स 2023 में भारत को पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाने वाले शॉटगन निशानेबाज अंगद वीर सिंह बाजवा ने कनाडा की नागरिकता ले ली है। अब वह भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और आगामी एशियन गेम्स में कनाडा का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। इसकी जानकारी अंगद ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से दी।
एनआरएआई ने जारी किया एनओसी
टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके अंगद को भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) की ओर से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया गया है। इसके बाद वह बिना किसी औपचारिक अड़चन के कनाडा के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे।
क्यों बदली नागरिकता?
अंगद ने नागरिकता बदलने के अपने फैसले के पीछे की वजह सार्वजनिक रूप से नहीं बताई है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका पूरा परिवार कनाडा में रहता है। उनके पिता गुरपाल सिंह वहां हॉस्पिटैलिटी का व्यवसाय चलाते हैं।
एनआरएआई के सेक्रेटरी जनरल पवन सिंह ने द ट्रिब्यून से बातचीत में कहा कि हां, हमें उनका एनओसी मांगने वाला आवेदन मिला था। हम उन्हें रोक नहीं सकते, क्योंकि इस देश में पसंद की आजादी है। इसलिए हमने एनओसी जारी कर दिया। इसमें कोई शक नहीं कि उनका जाना एनआरएआई और देश दोनों के लिए बड़ा नुकसान है, लेकिन हमारे पास उनकी भरपाई के लिए पर्याप्त टैलेंट मौजूद है।
अंगद वीर सिंह बाजवा का करियर
अंगद वीर सिंह बाजवा ने 2013 में प्रतिस्पर्धी निशानेबाजी की शुरुआत की। 2015 में कुवैत सिटी में एशियन शूटिंग चैंपियनशिप के दौरान जूनियर वर्ग में उन्होंने व्यक्तिगत स्वर्ण और टीम गोल्ड जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाई। 2018 में कुवैत सिटी में ही आयोजित एशियन शॉटगन चैंपियनशिप में उन्होंने सीनियर वर्ग में 60/60 का परफेक्ट स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह स्कीट शूटिंग में भारत का पहला कॉन्टिनेंटल गोल्ड था।
उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। 2019 दोहा एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में लगातार दूसरा कॉन्टिनेंटल खिताब जीतकर वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय शॉटगन निशानेबाज बने। इसी प्रदर्शन से भारत को टोक्यो ओलंपिक 2020 का कोटा मिला। 2019 में उन्होंने गनेमत सेखों के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक भी जीता।
एशियन गेम्स और विश्व कप उपलब्धियां
2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में अंगद ने अनंतजीत सिंह नरुका और गुरजोत सिंह खंगुरा के साथ पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
आईएसएसएफ वर्ल्ड कप सर्किट में उनके नाम 3 पदक हैं—
  • नई दिल्ली 2021 में मिश्रित टीम और पुरुष टीम में स्वर्ण
  • काहिरा 2021 में पुरुष टीम कांस्य पदक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here