Home Latest News IPL 2026: रोहित-रिकल्टन के हमले से कांपे KKR के बॉलर, MI ने...

IPL 2026: रोहित-रिकल्टन के हमले से कांपे KKR के बॉलर, MI ने रिकॉर्ड रनचेज के साथ जीत से किया आगाज

8
0

इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने पिछले 13 साल से चली आ रही एक खराब आदत को तोड़ ही दिया.

मुंबई इंडियंस ने लगातार 13 सीजन से चली आ रही नाकामी के सिलसिले को आखिरकार तोड़ते हुए जीत के साथ नए सीजन की शुरुआत की. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में मुंबई ने रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन की विस्फोटक पारियों के दम पर 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की. वानखेडे स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में KKR से मिले 221 रन के लक्ष्य को मुंबई ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया. इसके साथ ही मुंबई ने IPL इतिहास में अपना सबसे बड़ा लक्ष्य भी चेज कर लिया.

रहाणे ने खेली धुआंधार पारी

रविवार 29 मार्च को खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बैटिंग की और 4 विकेट खोकर 220 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने नए ओपनर फिन ऐलन (37) के साथ मिलकर 69 रन की विस्फोटक शुरुआत की. रहाणे (67) ने एक धमाकेदार अर्धशतक जमाया और फिर युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (51) ने भी जोरदार फिफ्टी जड़ी. मुंबई की ओर से सिर्फ शार्दुल ठाकुर ही कुछ असर डाल सके और 4 में से 3 विकेट उन्होंने ही झटके.

रोहित-रिकल्टन ने छीन लिया मैच

मुंबई इंडियंस की ओर से भी उसकी ओपनिंग जोड़ी ने KKR को उसके ही अंदाज में जवाब दिया. बस फर्क ये रहा कि रोहित शर्मा (78) और रायन रिकल्टन (81) की जोड़ी KKR से भी ज्यादा खतरनाक रही और उन्होंने एक बड़ी साझेदारी की. रोहित ने 23 और रिकल्टन ने 24 गेंदों में अपने अर्धशतक पूरे किए. दोनों ने मिलकर सिर्फ 11.5 ओवर में 148 रन की हैरतअंगेज साझेदारी की, जिसने KKR से मैच छीन लिया. हालांकि ये दोनों ही स्टार अपने शतक पूरे नहीं कर सके लेकिन तब तक मैच की तकदीर तय हो चुकी थी. आखिरकार 19.1 ओवर में मुंबई ने जीत अपने नाम कर लिया.

रिकॉर्ड जीत, टूटा 13 सीजन का सिलसिला

आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस का ये सबसे बड़ा रनचेज है. इससे पहले टीम ने 219 का लक्ष्य हासिल किया था. इतना ही नहीं, मुंबई इंडियंस ने पूरे 14 साल बाद आईपीएल के नए सीजन में अपना पहला मैच जीता है. इससे पहले मुंबई ने आईपीएल 2012 में अपना पहला मैच जीता था. तब मुंबई ने चेन्नई सुपर किंग्स को शिकस्त दी थी. मगर इसके बाद से ही टीम लगातार 13 सीजन में पहला मैच हारती रही. हालांकि, इसी दौरान उसने अपने पांचों खिताब भी जीते थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here