Home Latest News Iran में बिगड़े हालात… Airspace हुआ बंद! Air India-Indigo ...

Iran में बिगड़े हालात… Airspace हुआ बंद! Air India-Indigo ने यात्रियों के लिए जारी की Advisory

38
0

ईरान में बिगड़ते हालात पर भारत भी करीबी नजर बनाए हुए है।

ईरान में हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं। बीते करीब 18 दिनों से देशभर में सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। इस बीच अमेरिका की ओर से संभावित सैन्य कार्रवाई के संकेतों ने भी क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए ईरान ने अपना एयरस्पेस आंशिक रूप से बंद कर दिया है, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ रहा है।
ईरान में बिगड़ते हालात पर भारत भी करीबी नजर बनाए हुए है। एयरस्पेस बंद होने के चलते भारतीय विमानन कंपनियों एअर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
एअर इंडिया ने दी उड़ानों में देरी की चेतावनी
एअर इंडिया ने गुरुवार को जानकारी दी कि ईरान का एयरस्पेस बंद होने के कारण उसकी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। इस वजह से उड़ानों के समय में देरी हो सकती है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पर बताया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
एअर इंडिया ने यह भी कहा कि जिन उड़ानों के लिए वैकल्पिक रूट उपलब्ध नहीं है, उन्हें रद्द किया जा सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। कंपनी ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए स्पष्ट किया कि सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इंडिगो की उड़ानें भी प्रभावित
इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस ने भी ईरान के एयरस्पेस बंद होने के चलते अपनी कुछ अंतरराष्ट्रीय सेवाओं के प्रभावित होने की जानकारी दी है। एयरलाइन का कहना है कि यह स्थिति उसके नियंत्रण से बाहर है, लेकिन यात्रियों को बेहतर विकल्प देने की कोशिश की जा रही है।
इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों को अपनी वेबसाइट के माध्यम से लचीले रीबुकिंग विकल्पों की जानकारी लेने की सलाह दी है और यात्रा योजनाओं में हुई बाधा के लिए खेद जताया है।
क्यों बंद किया गया ईरान का एयरस्पेस
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, ईरान में लगातार जारी अशांति के बीच सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अपने एयरस्पेस पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। हालांकि आधिकारिक अनुमति वाली कुछ उड़ानों को आने-जाने की छूट दी गई है। यह प्रतिबंध स्थानीय समय के अनुसार कई घंटों तक लागू रहने की बात कही गई है और जरूरत पड़ने पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है।
देशभर में मार्शल लॉ, हालात बेहद गंभीर
तेज होते प्रदर्शनों को देखते हुए ईरान ने पूरे देश में मार्शल लॉ लागू कर दिया है। कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं और सुरक्षा बलों की कार्रवाई में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आ रही हैं। कुछ दावों के अनुसार मृतकों की संख्या हजारों तक पहुंच सकती है।
वहीं, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी ठिकानों से कुछ कर्मचारियों को हटाया जा रहा है। इससे पहले ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो वह पड़ोसी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here