Home Latest News Jalandhar: Sports College के पास शोरूम में साथियों के हमले से कर्मचारी...

Jalandhar: Sports College के पास शोरूम में साथियों के हमले से कर्मचारी की जान गई, 3 पर केस

20
0

स्पोर्ट्स कॉलेज के नज़दीक एक टीवीएस शोरूम में कर्मचारियों के बीच हुआ विवाद खून-खराबे में तब्दील हो गया।

वर्कशॉप से जुड़ी एक छोटी-सी बात पर शुरू हुई कहासुनी ने देर रात हिंसक रूप ले लिया, जब एक कर्मचारी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सहकर्मी पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी ने कई दिनों तक मौत से जूझने के बाद आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय जगदीप सिंह निवासी न्यू दशमेश नगर के रूप में हुई है।
मृतक की बहन सिमरनजीत कौर, निवासी धन्नोवाली ने बताया कि शोरूम में मैकेनिक कृष्णा के साथ जगदीप का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जगदीप शोरूम की वर्कशॉप में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत था और उसने कृष्णा को काम से संबंधित निर्देश दिए थे, जिस पर विवाद बढ़ गया। परिजनों के अनुसार 1 तारीख की रात करीब 9:30 बजे, ड्यूटी खत्म होने के बाद कृष्णा ने शोरूम के बाहर अपने दो साथियों के साथ मिलकर जगदीप पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में जगदीप के सिर पर गंभीर चोटें आईं, सिर की हड्डी टूट गई और हाथ की एक उंगली भी कट गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
शोरूम कर्मियों ने घायल जगदीप की सूचना परिजनों को दी। परिजन उसे पहले एनएचएस अस्पताल ले गए, फिर सिविल अस्पताल और बाद में श्री राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लंबे समय तक उपचार चला। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गहरी चोटों के चलते उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और आज उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की पुष्टि करते हुए थाना बस्ती बावाखेल के प्रभारी जय इंद्र सिंह ने बताया कि पहले झगड़े और हमले के आरोप में कृष्णा और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जगदीप की मौत के बाद अब आरोपियों पर हत्या की धाराएं बढ़ा दी गई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here