जालंधर शहर में श्री गुरु रविदास जयंती की तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
हर साल की तरह इस वर्ष भी बूटा मंडी से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा और तीन दिवसीय मेला आयोजित किया जा रहा है। शहर को रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट से सजाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने 31 जनवरी को सरकारी छुट्टी घोषित की है।
पीएम मोदी 1 को आएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी 1 फरवरी को शाम करीब 4 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहाँ से हेलिकॉप्टर के माध्यम से डीएवी यूनिवर्सिटी परिसर में बनाए गए हैलिपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचकर माथा टेकेंगे।
शहर में ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध
शोभायात्रा और पीएम दौरे के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने शहर को कई जोनों में बांटकर रूट डायवर्जन योजना बनाई है। 31 जनवरी को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक मुख्य मार्गों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा, जबकि कुछ रास्तों पर प्रतिबंध 1 फरवरी तक जारी रह सकता है। भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक रहेगी और सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में अवकाश रहेगा।
शोभायात्रा का मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र
शोभायात्रा गुरुद्वारा साहिब बूटा मंडी से शुरू होकर श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक (नकोदर चौक), भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), पटेल चौक सहित शहर के प्रमुख इलाकों से गुजरेगी और वापस बूटा मंडी में समाप्त होगी।
ट्रैफिक पुलिस ने विशेष तौर पर प्रतापपुरा मोड़, वडाला चौक, तिलक नगर रोड और नकोदर रोड के आस-पास के क्षेत्रों में भारी भीड़ की संभावना जताई है। बूटा पिंड मोड़, मैनबों चौक, जग्गू चौक, माता रानी चौक, बबरीक चौक, डॉ. अंबेडकर भवन मोड़ और समरा चौक पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
कपूरथला से आने वालों के लिए वैकल्पिक रूट
कपूरथला से आने वाले वाहनों के लिए वर्कशॉप चौक, मकसूदां चौक, भगत सिंह कॉलोनी, पठानकोट चौक, चौगिट्टी चौक, पीएपी चौक और बीएसएफ चौक के रास्ते शहर में प्रवेश या बाहर जाने का प्रबंध किया गया है।
नकोदर और शाहकोट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए सतलुज चौक, समरा चौक, कुल रोड और पिंड प्रतापपुरा मार्ग से निकलने का निर्देश दिया गया है। वडाला चौक और नकोदर चौक के मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेंगे।
ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक यात्रा टालें और शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग दें। जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और कार्यालय 31 जनवरी को बंद रहेंगे।