लुधियाना में थाना डिवीजन नंबर-6 के तत्कालीन प्रभारी विवादों में आ गए हैं।
चिकन शॉप के मालिक ने उन पर थाने में थर्ड डिग्री देने के आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि एसएचओ अपने जूनियर मुलाजिमों के साथ दुकान पर आए और उसे थाने ले गए। वहां ले जाकर उसे नंगा कर प्राइवेट पार्ट में करंट लगाया।
चिकन शॉप मालिक ने कहा कि थाने में सभी ने मिलकर उसको जमकर पीटा। यहां तक कि उसके सिर से पगड़ी तक उतार दी। फिर कई बार घसीटा गया। इसके बाद बड़ी मुश्किल से उसके परिजन आए और उन्होंने उसकी जमानत करवाई।
अब हालात ये हैं कि वह पांच दिन से बिस्तर पर पड़ा है और एक आंख से धुंधला दिख रहा है। परिवार के कहने पर उसने एसएचओ के खिलाफ सीनियर अधिकारियों के साथ-साथ पंजाब ह्यूमन राइट कमीशन को लिखित में शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी।
उधर, तत्कालीन एसएचओ ने कहा कि चिकन शॉप मालिक झूठ बोल रहा है और वो अपनी दुकान पर लोगों को शराब पिलाता है। उसे बार-बार चेतावनी दी जा रही थी पर वो नहीं माना। तीन अप्रैल को कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया था। लेकिन टॉर्चर नहीं किया।
पहले जानिए चिकन शॉप मालिक पर FIR में क्या लिखा…
अवैध तरीके से शराब पिलाते किया गिरफ्तार दरअसल, सरबजीत सिंह बिंद्रा निरंकारी मोहल्ला मिलरगंज के पास चिकन कॉर्नर चलाता है। साथ ही शराब का ठेका है। पुलिस ने FIR में लिखा कि सरबजीत सिंह चिकन कॉर्नर की आड़ में अवैध तरीके से शराब पिलाता है और उसे शराब पिलाते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसी रात उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत पर्चा दर्ज किया।
सूचना के आधार पर की छापेमारी पुलिस ने एफआईआर में लिखा कि उन्हें सूचना मिली थी कि चिकन कॉर्नर के बाहर बिना लाइसेंस के शराब पिलाई जा रही है। जब पुलिस ने रेड की तो सरबजीत सिंह और एक अन्य दुकान के मालिक मनवीर सिंह को गिरफ्तार किया।

शरीर पर पड़े निशान दिखाता सरबजीत बिंद्रा।
सरबजीत ने बताई पूरी कहानी…
- शराब पीने को लेकर 4 युवकों से हुई बहसः सरबजीत सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एसएचओ विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय दुकान पर कोई भी व्यक्ति शराब पीते नहीं मिला। करीब 20-25 मिनट बाद चार युवक दुकान पर आए, जिनके पास शराब की बोतल थी।
- शराबी युवकों के साथ गिरफ्तार कियाः युवकों ने दुकान में बैठकर शराब पीने की बात कही, लेकिन मना कर दिया। उन्होंने गाली गलौज करना शुरू किया। उसके बाद पुलिस पहुंची और युवकों के साथ उन्हें भी थाने ले गई। जिन युवकों को पुलिस ने वहां से पकड़ा था उनके बारे कुछ पता नहीं है कि उन पर मामला दर्ज किया गया या नहीं।
- ड्राइवर व पुलिस कर्मियों से करवाया नंगा: सरबजीत ने बताया कि थाने में एसएचओ विजय ने अपने ड्राइवर सन्नी और अन्य पुलिस कर्मियों को बुलाकर उसके कपड़े उतरवाकर नंगा कर दिया। नंगा करके एसएचओ ने खुद उसे थप्पड़ मारे।
- हाथ-पैर पकड़कर लगाया करंट: सरबजीत ने बताया कि दो पुलिस कर्मियों ने थाने के अंदर उसके हाथ पैर पकड़े और एक ने पहले उसके प्राइवेट पार्ट में करंट लगाया। करंट का झटका लगने से वो जोर जोर से चिल्लाया। उसके बाद उन्होंने नाक के पास करंट लगाया। जिससे उसकी बांई आंख से दिखने में परेशानी हो रही है।
- घसीटते हुए कमरे में ले गए, पकड़ी फेंकी: करंट लगाने के बाद पुलिस कर्मियों ने उसे खूब पीटा और फिर घसीटते हुए उसे एसएचओ कैबिन के पीछे बने एक कमरे में ले गया। पुलिस कर्मियों ने जब उसे पीटा तो उसकी पगड़ी तक उतर गई। वो पगड़ी संभालने का प्रयास करता रहा। लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसकी पगड़ी निकालकर अलग फेंक दी।
- परिवार ले गया सिविल अस्पताल: परिजनों को जब उसकी गिरफ्तारी की बात पता चली तो वो भी थाने पहुंचे। उन्होंने सरबजीत सिंह की जमानत करवाई। तब तक उसकी हालत बहुत खराब हो चुकी थी। परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया।
पत्नी बोली- CCTV फुटेज चेक करें सीनियर अफसर सरबजीत सिंह की पत्नी रवनीत कौर ने कहा कि पुलिस के सीनियर अधिकारियों को चाहिए कि थाने का सीसीटीवी फुटेज चेक करवाएं। थर्ड डिग्री टॉर्चर जहां किया, वहां कैमरा नहीं होगा हमें पता है। लेकिन थाने के बाकी जगहों पर कैमरें जरूर होंगे। जिससे पता चल जाएगा कि पुलिस ने सरबजीत के साथ कैसे व्यवहार किया है।
पत्नी ने कहा कि प्रशासन से हमें इंसाफ की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर, पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग व मुख्यमंत्री को भी भेज चुके हैं।













































