प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले जालंधर में सुरक्षा को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले जालंधर में सुरक्षा को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आपको बता दें कि शनिवार को शहर के तीन नामी स्कूलों पुलिस डीएवी स्कूल, कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल और एमजीएम स्कूल को ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिलने की सूचना सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ई-मेल में प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान डेरा बल्लां इलाके में धमाके की चेतावनी दी गई थी। संदेश में यह भी दावा किया गया कि खालिस्तानियों का डेरे से कोई संबंध नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री को अपना विरोधी बताया गया है।
ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने एहतियातन कदम उठाते हुए सतर्कता बढ़ा दी और हालात पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी। स्कूल परिसरों की जांच के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी चौकसी बढ़ाई गई है।
हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए शहर में पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।