Home Latest News Punjab में मौसम ने बदली करवट: राज्य में बारिश, आंधी, और ठंड...

Punjab में मौसम ने बदली करवट: राज्य में बारिश, आंधी, और ठंड की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

54
0

पंजाब में एक बार फिर मौसम का मिज़ाज बदलता नजर आ रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 27 जनवरी को चंडीगढ़ समेत पंजाब के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
तापमान में उतार-चढ़ाव, ठंड से थोड़ी राहत
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे पारा सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 23.5°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि बठिंडा में न्यूनतम तापमान 2.4°C दर्ज हुआ। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, SAS नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कुछ स्थानों पर तेज़ आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना मौसम बिगड़ने की वजह
फिलहाल ऊपरी वायुमंडल में एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मौजूद है। इससे बना साइक्लोनिक सिस्टम पहले दक्षिण पंजाब में था, जो अब हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों की ओर बढ़ चुका है। यह सिस्टम ज़मीन से 1.5 से 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है और हरियाणा से लेकर दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तक फैल गया है।
इसके असर से उत्तर भारत में तेज़ हवाएं चल रही हैं, जिनकी गति ऊपरी स्तर पर 125 नॉट्स तक बताई जा रही है।
30 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम
IMD के अनुसार, 30 जनवरी 2026 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है, जिससे पंजाब में मौसम दोबारा करवट ले सकता है।
अगले दिनों का तापमान अनुमान
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार, 27 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा 28, 31 जनवरी और 1 फरवरी को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है
इसके बाद दो दिन तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट संभव
फिर दोबारा पारे में बढ़ोतरी देखी जा सकती है
अगले 3 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
28 जनवरी:
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा में कोल्ड वेव का असर रह सकता है। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
29 जनवरी:
इन जिलों में ठंड बनी रहेगी, लेकिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
30 जनवरी:
राज्य के कई हिस्सों में शीत लहर चल सकती है। इस दिन भी बारिश की संभावना नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here