धनौला क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
धनौला क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नजदीकी गांव कुब्बे में आपसी विवाद के चलते एक सगे भाई ने अपने ही छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरजीत सिंह, पुत्र करनैल सिंह, का अपने बड़े भाई गुरदीप सिंह के साथ लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। दोनों भाइयों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद गुस्से में आकर गुरदीप सिंह ने खेत में लगी मोटर के पास हरजीत सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
खेत में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जब देर शाम तक हरजीत सिंह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत में उसका खून से लथपथ शव मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने तुरंत धनौला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धनौला थाने के SHO इंस्पेक्टर सरदार लखबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पैसों का विवाद बना हत्या की वजह
SHO लखबीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता था। इसी रंजिश के चलते यह वारदात अंजाम दी गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी गुरदीप सिंह की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच की जा रही है।