बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर अपनी दरियादिली को लेकर चर्चा में हैं।
जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले सोनू सूद ने इस बार दुबई में फंसे लोगों के लिए बड़ा कदम उठाया है। इससे पहले भी उन्होंने कई मौकों पर लोगों की सहायता की है। हाल ही में उन्होंने अभिनेता राजपाल यादव की मदद के लिए भी पहल की थी और फिल्म इंडस्ट्री से अपील की थी कि वे आगे आकर सहयोग करें।
अब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कई लोग दुबई में फंस गए हैं। ऐसे में सोनू सूद ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो लोग मौजूदा हालात की वजह से दुबई में फंसे हुए हैं और उनके पास रहने की कोई व्यवस्था नहीं है, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंदों को मुफ्त में ठहरने की सुविधा दी जाएगी।
वीडियो में सोनू सूद ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति इस संकट के समय दुबई में फंसा है और उसे रहने की जगह की परेशानी हो रही है, तो वह उनसे सीधे संपर्क करे। उनकी टीम ऐसे लोगों के लिए फ्री ऑफ कॉस्ट रहने की व्यवस्था करेगी। उन्होंने साफ किया कि यह सुविधा केवल भारतीयों के लिए ही नहीं, बल्कि किसी भी देश के नागरिकों के लिए उपलब्ध होगी। जरूरतमंद लोग उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर डायरेक्ट मैसेज कर अपनी जानकारी भेज सकते हैं।
बता दें 52 वर्षीय सोनू सूद को अक्सर ‘रियल लाइफ हीरो’ कहा जाता है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने हजारों प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने में मदद की थी। इसके अलावा उन्होंने जरूरतमंदों के लिए भोजन, दवाइयों और रहने की व्यवस्था भी करवाई थी। एक बार फिर उनका यह कदम इंसानियत की मिसाल बनकर सामने आया है।