Uttar pradesh (punjab e news ) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी का सिर इसलिए मुंडवा दिया, क्योंकि पत्नी ने रुपयों के लिए दूसरे आदमी के साथ सोने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
मामला जिले के निगोही ब्लॉक का है। पुलिस ने बताया कि अशोक कुमार (32 वर्ष) की पत्नी खुशबू देवी (28 वर्ष) सोमवार को थाने पहुंचीं। यहां उन्होंने अपने पति और देवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। खुशबू ने आरोप लगाया कि पति और देवर ने खाने में कुछ मिलाकर उन्हें बेहोश कर दिया और फिर बाद में उनका सिर गंजा कर दिया गया।
एसएचओ सुनील शर्मा ने बताया कि खुशबू और अशोक की शादी नौ साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं।अशोक अवैध शराब के व्यापार मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। खुशबू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अशोक और उसके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
खुशबू ने बताया कि रविवार की शाम को वह अपनी बहन के घर से वापस आई थीं। उनका पति किसी को अपने साथ लेकर आया। अशोक ने उस व्यक्ति से रुपये लिए और खूशबू पर दबाव बनाया कि वह उस आदमी के साथ सेक्स करे। खूशबू ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और अपने कमरे में चली गईं। रात में खाना खाया और फिर अपने कमरे में सो गईं। सोमवार की सुबह जब वह उठीं तो सिर के सारे बाल गायब थे।
खूशबू ने बताया कि उन्हें कुछ समझ नहीं आया। वह परेशान हो गईं। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह गंजी कैसे हो गईं? बच्चों ने उन्हें बताया कि रात में खाना खाने के बाद जब वह सो गईं, तो पापा और चाचा ने मिलकर उनको गंजा कर दिया।