Punjab E News (Jasvinder Kaur):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को 'आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर' कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में ही हमारी प्रगति है। ये भाव नए भारत के निर्माण में भारतवासियों की सबसे बड़ी ताकत बन रहा है। आज देश जो कुछ कर रहा है उसमें ‘सबका प्रयास’ शामिल है।
PM मोदी ने कहा कि आज हम एक ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं, जिसमें भेदभाव की कोई जगह न हो। हम एक ऐसे भारत को उभरते देख रहे हैं,जिसकी सोच और अप्रोच नई है और निर्णय प्रगतिशील हैं। वहीं कित्तूर की रानी चेनम्मा, मतंगिनी हाजरा,रानी लक्ष्मीबाई,वीरांगना झलकारी बाई से लेकर सामाजिक क्षेत्र में अहल्याबाई होल्कर और सावित्रीबाई फुले तक,इन देवियों ने भारत की पहचान बनाए रखी। कठिनाइयों से भरे मध्यकाल में भी इस देश में पन्नाधाय और मीराबाई जैसी महान नारियां हुईं।
इसके साथ ही PM मोदी ने कहा कि अमृत काल का ये समय हमारे ज्ञान, शोध और इनोवेशन का समय है। हमें एक ऐसा भारत बनाना है जिसकी जड़ें प्रचीन परंपराओं और विरासत से जुड़ी होगी और जिसका विस्तार आधुनिकता के आकाश में अनंत तक होगा। देश के लोकतंत्र में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। 2019 के चुनाव में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने मतदान किया। वहीं आज देश की सरकार में बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियां महिला मंत्री संभाल रही हैं। अब समाज इस बदलाव का नेतृत्व खुद कर रहा है।