पंजाब

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने 500 सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे

पंजाब न्यूज : पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शनिवार को 500 सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। पंजाब में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। गैंगस्टरों, ड्रग तस्करों और आपराधिक तत्वों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की भर्ती की गई है। हर महीने करीब 150 पुलिसकर्मी रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में पंजाब पुलिस में पुलिसकर्मियों की कमी को देखते हुए 500 सब इंस्पेक्टरों की भर्ती की गई है।

इससे कानून-व्यवस्था में और सुधार होगा। नई भर्तियां पहले की तुलना में अधिक शिक्षित और हाई टैक तरीके से की जा रही हैं। आपको बता दें कि पिछली सरकारों के दौरान पुलिस विभाग पांच साल में एक या दो बार भर्ती करता था। लेकिन अब सीएम मान ने हर साल 2 हजार कांस्टेबल और 500 सब-इंस्पेक्टर की भर्ती करने की घोषणा की है।

पंजाब सरकार लगातार सरकारी पदों पर भर्तियां कर रही है। एक दिन पहले ही 710 पटवारियों को नियुक्ति दी गई थी। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान सब-इंस्पेक्टरों की यह पहली भर्ती है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के समय 2021 में सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती की गई थी।