जालंधर के 82 सरकारी शिक्षकों को शिक्षा विभाग ने जनगणना कार्य में शामिल न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जालंधर के 82 सरकारी शिक्षकों को शिक्षा विभाग ने जनगणना कार्य में शामिल न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई जनगणना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण की गई है। जिला शिक्षा विभाग ने सभी गैरहाजिर शिक्षकों का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि बिना पूर्व अनुमति के संबंधित शिक्षक स्कूलों में भी उपस्थित नहीं होंगे। साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई है कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने पर जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें तीन साल तक की कैद और 1,000 रुपए तक का जुर्माना शामिल है।
विभाग के अनुसार, इन शिक्षकों ने प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने और सर्वे किट, पहचान पत्र व नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बावजूद आवंटित घरों का सर्वेक्षण कार्य शुरू नहीं किया।












































