जालंधर के नकोदर क्षेत्र में आज सुबह दो स्कूल बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि एक बस नियंत्रण खोकर सड़क किनारे पलट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय दोनों बसों में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
टक्कर के बाद बस हुई बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बसें अपने-अपने रूट पर निकल चुकी थीं और बच्चों को लेने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर की तेज आवाज के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि एक बस सड़क किनारे पलटी हुई थी। हादसे में बस के आगे और पीछे के हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस में बच्चे नहीं थे, टला बड़ा खतरा
इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि बसों में उस समय कोई स्कूली बच्चा सवार नहीं था। अगर बच्चों के मौजूदगी के दौरान यह हादसा होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। बसें बच्चों को लेने के लिए शुरुआती रूट पर ही थीं, जिसके कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया।
ग्रामीणों ने पहुंचकर की मदद
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और बस में मौजूद ड्राइवर व क्लीनर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि हादसे में दोनों बसों के चालक और सहायक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर नकोदर के प्रभारी पलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटवाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।