Home Latest News दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम, ISI से जुड़े 4 संदिग्ध आतंकवादी...

दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम, ISI से जुड़े 4 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

2
0

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है।

पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के अनुसार, यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े हैंडलरों के इशारों पर काम कर रहा था। आरोप है कि इन लोगों को दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात और फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी। गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में तीन पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी को दिल्ली से पकड़ा गया है।
ये हुई गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 
पुलिस ने जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23 वर्ष), निवासी तरनतारन,  गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि (22 वर्ष), पंजाब,  साजन सिंह उर्फ हनी (28 वर्ष), निवासी अमृतसर, गगनप्रीत (24 वर्ष), निवासी फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपियों को पंजाब से और गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के पास से क्या-क्या बरामद हुआ
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई हथियार और अन्य सामान बरामद किए। इनमें शामिल हैं—
-एक विदेशी जिगाना पिस्टल
-एक 0.30 बोर की पिस्टल
-9 जिंदा कारतूस
-5 मोबाइल फोन
पुलिस अब इन मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिल सके।
कैसे मिला पुलिस को सुराग
स्पेशल सेल को एक गोपनीय सूचना मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा आईएसआई से जुड़ा हैंडलर शहजाद भट्टी अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी आतंकी घटना की साजिश रच रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि इस काम के लिए पंजाब के कुछ युवाओं को भर्ती किया गया है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच (टेक्निकल एनालिसिस) और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई जगह छापेमारी की।
पहली गिरफ्तारी अमृतसर से हुई
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले पंजाब के अमृतसर के मजीठा रोड इलाके से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में शुभदीप ने कई अहम खुलासे किए, जिसके बाद पुलिस को पूरे नेटवर्क की जानकारी मिलने लगी।
ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से आते थे हथियार और नशे की खेप
पूछताछ में शुभदीप ने बताया कि वह पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी और अन्य हैंडलरों के संपर्क में था। जांच में सामने आया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे जाने वाले हथियार और नशीले पदार्थों की खेप वह भारतीय सीमा के पास से हासिल करता था। इसके बाद इन हथियारों और नशे की खेप को आगे नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के मुताबिक, शुभदीप विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए पाकिस्तानी हैंडलरों और ड्रोन ऑपरेटरों से लगातार संपर्क में रहता था।
दो और साथियों की गिरफ्तारी
शुभदीप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके दो साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी पंजाब से गिरफ्तार किया। इन दोनों के पास से एक विदेशी जिगाना पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस का आरोप है कि ये दोनों भी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियार और नशीले पदार्थों की खेप लेने का काम करते थे।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
जांच में यह भी सामने आया कि शुभदीप सिंह और साजन सिंह पहले भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इनका संबंध पहले से सक्रिय किसी बड़े तस्करी या आतंकी नेटवर्क से रहा है।
दिल्ली में रेकी करने की जिम्मेदारी थी
जांच के दौरान पुलिस ने चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन की जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, गगनप्रीत को दिल्ली के धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और पुलिस पिकेटों की रेकी (जासूसी और निगरानी) करने का काम सौंपा गया था। इसके अलावा उसे दिल्ली में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के निर्देश भी मिले थे।
आगे की जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल स्पेशल सेल पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों की भूमिका क्या थी और इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितनी बार हथियार और नशीले पदार्थ भारत भेजे गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here