Home Latest News Himachal में मानसून का कहर जारी, समेज खड्ड में फिर आई बाढ़,...

Himachal में मानसून का कहर जारी, समेज खड्ड में फिर आई बाढ़, कई सड़कें बाधित

4
0

हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश से जनजीवन लगातार प्रभावित हो रहा है।

मंगलवार को शिमला जिले की समेज खड्ड में एक बार फिर बाढ़ आ गई, जिससे खड्ड पर बना अस्थायी पुल बह गया। पुल बहने से आसपास के ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है और उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं।
गौरतलब है कि 1 अगस्त 2024 को समेज खड्ड में आई विनाशकारी बाढ़ ने कई परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया था। वहीं, समेज-सरपारा सड़क पर भूस्खलन होने से यातायात ठप हो गया। दूसरी ओर, सिरमौर जिले के नेहली धीड़ा के पास चट्टान गिरने से नाहन-रेणुकाजी मार्ग करीब एक घंटे तक बंद रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
भद्राश-ब्रांदली सड़क पर मलबा
रामपुर उपमंडल को रोहड़ू से जोड़ने वाली भद्राश-ब्रांदली सड़क पर भी बरसात के कारण हालात बिगड़ने लगे हैं। नरैण पंचायत के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से लेकर कुरनू गांव तक सड़क पर लगातार मलबा आने से सफर जोखिमभरा हो गया है। रामपुर-रोहड़ू मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण आवागमन करते हैं। हालिया बारिश के बाद कुरनू के पास सड़क पर भारी मलबा जमा हो गया है, जिससे लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
ग्रामीण अशोक राणा, भीष्म सिंह, निशु शरकोटू, मेध राम, बीरू शरकोटू, देविंद्र भलूनी, प्रेमराज ठाकुर, प्रताप राणा, सुनील देष्टा, सूरज और चंदन कायथ सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि कुरनू क्षेत्र में सुरक्षित और सुचारु यातायात के लिए स्थायी एवं प्रभावी प्रबंध किए जाएं।
उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान इस मार्ग पर सफर करना बेहद खतरनाक हो जाता है। लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता अंकुश जम्वाल ने बताया कि सड़क को दुरुस्त करने का कार्य जारी है और जल्द ही यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
13 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 7, 8, 11, 12 और 13 जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि 8, 11, 12 और 13 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
सप्ताह के शेष दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here