सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से फोन पर बातचीत की, जिसके बाद चन्नी ने अपने समर्थक नेताओं की बैठक बुलाने का फैसला किया है।
बताया जा रहा है कि इस बातचीत के बाद नाराज नेताओं को हाईकमान से मुलाकात का रास्ता खुलने की उम्मीद नजर आ रही है।
चन्नी समर्थकों की ये हैं प्रमुख मांगें
चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक नेताओं का कहना है कि उन्हें पंजाब कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। समर्थकों की मांग है कि चन्नी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाए या फिर आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर आगे किया जाए। चन्नी अपने मोरिंडा स्थित आवास पर समर्थक नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।
बघेल पहुंचे पूर्व मंत्री ब्रह्म महेंद्र को मनाने
पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने नाराज नेताओं को मनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में वह पूर्व मंत्री ब्रह्म महेंद्र से मुलाकात करने पहुंचे।
बघेल का कहना है कि पार्टी नेतृत्व और चुनावी समितियों को लेकर हाईकमान का फैसला अंतिम है, लेकिन जल्द ही सभी नेता एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करेंगे।
हाईकमान के फैसले पर बदलाव के संकेत नहीं
इससे पहले भूपेश बघेल ने स्पष्ट कर दिया था कि पंजाब में संगठन और नेतृत्व से जुड़े फैसलों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उनके इस रुख के बाद बागी नेताओं पर दबाव बढ़ गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नेताओं को संकेत दिए गए हैं कि हाईकमान के फैसले का विरोध करने वालों को आगामी राजनीतिक जिम्मेदारियों और चुनावी अवसरों में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राहुल गांधी भी दे चुके हैं एकजुटता का संदेश
पंजाब दौरे के दौरान राहुल गांधी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को पार्टी के भीतर एकजुट रहने का संदेश दिया था। उन्होंने साफ कहा था कि संगठन को मजबूत रखने के लिए सभी नेताओं को मिलकर काम करना होगा। कांग्रेस नेतृत्व लगातार पंजाब में गुटबाजी को खत्म करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की कोशिश कर रहा है।