Home Latest News PAK बॉर्डर के पास BSF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, AK-47 समेत...

PAK बॉर्डर के पास BSF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, AK-47 समेत 26 विदेशी हथियार बरामद

19
0

पंजाब के अमृतसर में BSF और पंजाब पुलिस ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर संयुक्त ऑपरेशन में हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी है.

पंजाब के अमृतसर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी गई है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. और उसके पास से AK-47 राइफल समेत 26 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं.
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑस्ट्रेलिया में बैठे एक सहयोगी के इशारे पर काम कर रहा था. बताया जा रहा है कि विदेश में मौजूद इस हैंडलर ने सोशल मीडिया एप्लीकेशन के जरिए हथियारों की ड्रॉप लोकेशन साझा की थी. आरोपी का काम हथियारों की खेप को आगे पहुंचाना था.

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक अमृतसर की रूपनगर कॉलोनी के निवासी रोहन खोसला नामक आरोपी को BSF पंजाब और स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (एसएसओसी) अमृतसर के संयुक्त अभियान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास से गिरफ्तार किया गया.उसके पास से हथियारों की खेप बरामद हुई है.

हथियारों का जखीरा बरामद

पंजाब पुलिस के अमुसार बरामद हथियारों में एक AK-47 राइफल, चौदह 9mm पिस्टल और ग्यारह .30 बोर की पिस्टल शामिल हैं. ये हथियार नोरिंको, स्टार मार्क, ग्लॉक, जिगाना, टॉरस और वाल्थर कंपनियों के हैं। इसके साथ 368 जिंदा कारतूस और 48 मैगजीन भी मिली हैं. टीम को हथियारों के अलावा अमेरिका में बनी एक बुलेट-प्रूफ जैकेट भी मिली है. आरोपी जिस पंजाब नंबर की कार से हथियार तस्करी कर रहा था उसे भी जब्त कर लिया गया है.

ड्रोन से गिराई गई हथियारों की खेप

SSOC अमृतसर के एडिशनल IG सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि BSF से इनपुट मिला था कि शाहपुर BOP इलाके में ड्रोन से गिराई गई हथियारों की खेप उठाई जा रही है. इस पर SSOC और BSF की टीम ने एक Hyundai i20 कार को रोका. कार की तलाशी में 25 पिस्टल, एक AK-47, कारतूस, मैगजीन और बुलेट-प्रूफ जैकेट बरामद हुई.
जांच में पता चला कि आरोपी लोकल लिंक का काम कर रहा था. उसे ऑस्ट्रेलिया स्थित सहयोगी के निर्देश पर यह खेप आगे पहुंचानी थी. इस मामले में शुक्रवार को SSOC अमृतसर थाने में आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता BNS और भारतीय वायुयान अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है.

हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी

DGP यादव ने इसे सीमा पार हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी बताया है. उन्होंने कहा कि आगे-पीछे के सभी लिंक जोड़ने, शामिल साथियों की पहचान करने और पूरे क्रॉस-बॉर्डर आर्म्स तस्करी सिंडिकेट एवं आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है.एजेंसियां यह जानने में जुटी हैं कि इस हथियार सिंडिकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका इस्तेमाल किस मकसद के लिए किया जाना था.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here