Home Latest News Punjab Weather: पंजाब में लोगों को गर्मी से मिली राहत… कई जिलों...

Punjab Weather: पंजाब में लोगों को गर्मी से मिली राहत… कई जिलों में हो रही बारिश

10
0

पंजाब में आज सुबह मौसम ने अचानक करवट ली।

आपको बता दें कि जालंधर, लुधियाना, पठानकोट सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को तेज़ गर्मी से कुछ राहत मिली। कुछ इलाकों में तेज़ हवाएँ भी चलीं, खासकर जालंधर और पठानकोट में मौसम का असर अधिक देखने को मिला। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि, दूसरी ओर चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। दिन के समय तेज़ धूप और लू के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी दिखाई दीं। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दिन की तुलना में पंजाब के अधिकतम तापमान में करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई है। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहाँ तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चंडीगढ़ और मोहाली में आज और 23 मई को बादल छाए रहने की संभावना है। इस बदलाव के चलते तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हालांकि राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। 24 मई से 26 मई के बीच मौसम फिर से साफ़ रहने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तापमान में दोबारा बढ़ोतरी होगी और 26 मई तक कई इलाकों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।
अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान
23 मई: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में लू चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं फिरोज़पुर, फाज़िल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में भीषण गर्मी और तेज़ लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
24 मई: राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्म हवाओं और भीषण लू का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here