RCB और Sunrisers Hyderabad की टीम जब आखिरी IPL लीग मैच में आमने-सामने होंगी तो दोनों की कोशिश शीर्ष 2 में जगह बनाने की होगी।
गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जब आखिरी आईपीएल लीग मैच में आमने-सामने होंगी तो दोनों की कोशिश शीर्ष 2 में जगह बनाने की होगी। आरसीबी अभी अंक तालिका में 18 अंक लेकर शीर्ष पर है। सनराइजर्स हैदराबाद 13 मैच में 16 अंक से तीसरे स्थान पर है। शीर्ष 2 में जगह बनाने के लिए उसे आरसीबी को बड़े अंतर से हराना होगा। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है।
विस्फोटक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के मेल से आरसीबी ने लगातार दूसरे सत्र में खुद को खिताब के दावेदार के तौर पर साबित किया है। करिश्माई खिलाड़ी विराट कोहली ने शीर्ष क्रम में अपनी निरंतरता को नए सिरे से परिभाषित करना जारी रखा है और 13 मैच में 542 रन बनाए हैं। देवदत्त पडिक्कल का सत्र भी अच्छा रहा है। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी ने भी आरसीबी की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
हेजलवुड ने अहम मौकों पर असरदार स्पैल डाले हैं। क्रुणाल पंड्या ने भी अपने हरफनमौला प्रदर्शन से प्रभावित किया है। लेग-स्पिनर सुयश शर्मा और ऑलराऊंडर रोमारियो शैफर्ड ने भी योगदान दिया है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार 5 मैच जीते तो ऐसा लग रहा था कि उसने लय वापस हासिल कर ली है लेकिन पिछले चार में से 2 मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। सनराइजर्स हैदराबाद के पास इस टूर्नामैंट में सबसे खतरनाक बल्लेबाजी लाइन-अप में से एक है। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हैड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं।
सकारात्मम पहलू यह है कि सनराइजर्स हैदराबाद को अपने कप्तान पैट कमिंस के नेतृत्व और कुछ युवा तेज गेंदबाजों के अच्छा करने से काफी मनोबल मिला है। चोट से वापसी करने के बाद से कमिंस ने खुद गेंदबाजी इकाई में और भी ज्यादा जोश और नियंत्रण ला दिया है जिससे सनराइजर्स हैदराबाद को गेंदबाजी की रणनीति में भी ज्यादा स्पष्टता और धार मिली है।