भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 25 और 26 जून के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों के दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के औसत तापमान में करीब 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बढ़ती गर्मी के कारण प्रदेश में बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट से ऊपर बनी हुई है, जबकि थर्मल पावर प्लांट के तीन यूनिट फिलहाल बंद हैं।
इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है।
इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान रूपनगर के श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 30.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं पठानकोट, थीन डैम क्षेत्र और मोहाली में 1-1 मिलीमीटर बारिश हुई। पटियाला में 0.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अमृतसर में केवल हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
राज्य में अब तक औसत 35.7 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले करीब 33 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि हाल के दिनों में कई जिलों में बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिली है, जिससे मानसून की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम में बदलाव की वजह क्या है?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पंजाब और आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित करने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्व दिशा की ओर बढ़कर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। इसके साथ ही हरियाणा के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तरी हरियाणा क्षेत्र में सक्रिय है।
इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पंजाब के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
तापमान में और बढ़ोतरी संभव
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 24 से 26 जून और 29 जून तक पंजाब के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है।
जून के आखिर तक पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून पंजाब में दस्तक दे सकता है। यदि वर्तमान मौसम प्रणाली सक्रिय बनी रहती है तो आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।