Home Latest News पंजाब कांग्रेस की दिल्ली में हाई कमान से मीटिंग:2027 चुनाव को लेकर...

पंजाब कांग्रेस की दिल्ली में हाई कमान से मीटिंग:2027 चुनाव को लेकर बनेगी स्ट्रेटजी, सीनियर नेता रहेंगे मौजूद; प्रधान बदलने से किया मना

9
0

पंजाब बीजेपी को नया प्रधान मिलने के बाद अब कांग्रेस में भी नेतृत्व बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।

इसी बीच ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने आज पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में बैठक बुलाई है। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर शाम 4 बजे होगी, जिसमें पंजाब कांग्रेस के पांच वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि बैठक में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे। बैठक में आगामी रणनीति और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यह इस साल पंजाब कांग्रेस नेताओं के साथ हाईकमान की दूसरी बड़ी बैठक होगी।
इन नेताओं के मीटिंग में शामिल होने की उम्मीद
पूर्व डिप्टी सीएम और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मीडिया में बैठक की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चार से पांच वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी तथा विजय इंदर सिंगला के बैठक में शामिल होने की संभावना है।
प्रधान को हटाने से कर दिया मना
इससे पहले 22 जनवरी 2026 को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल की मौजूदगी में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ करीब तीन घंटे लंबी अहम बैठक हुई थी।
यह बैठक पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा संगठन में दलित (SC) प्रतिनिधित्व कम होने का मुद्दा उठाने और पंजाब कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी के बाद बुलाई गई थी। उस समय करीब 32 नेताओं ने दिल्ली में पत्र भेजकर भी स्थिति पर चिंता जताई थी। बैठक में हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस नेतृत्व में किसी भी बदलाव, खासकर प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाने की मांग को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था।
साथ ही के.सी. वेणुगोपाल ने चेतावनी दी थी कि पार्टी के आंतरिक मामलों को मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर उठाने वाले नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। नेताओं को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए एकजुट होकर काम करने के निर्देश भी दिए गए थे।
बरनाला रैली में राहुल गांधी व सीनियर लीडरशिप । फाइल फोटो
बरनाला रैली में राहुल गांधी व सीनियर लीडरशिप । फाइल फोटो
टीम प्लेयर नहीं बने तो रिजर्व बेंच पर बैठा देंगे
28 फरवरी को मनरेगा मुद्दे पर आयोजित रैली के दौरान राहुल गांधी ने सार्वजनिक मंच से कहा था कि पार्टी से बड़ा कोई नेता नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को ‘टीम प्लेयर’ बनकर काम करना होगा।
राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई नेता अकेले खेलने या टीम भावना के खिलाफ काम करने की कोशिश करेगा, तो मल्लिकार्जुन खड़गे और वह मिलकर उसे सुधारेंगे या फिर ‘रिजर्व बेंच’ पर बैठा देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here