Punjabपंजाब

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के बयान के बाद उठी सियासी हलचल, आप और कांग्रेस के बीच हो सकता है गठबंधन

चंडीगढ़/ब्यूरो न्यूज़: पंजाब में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी और पंजाब कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी घमासान तेज होता जा रहा है। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन के सवाल पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी साफ किया है कि ‘इंडिया’ गठबंधन का मकसद बहुत बड़ा है।

गौरतलब है कि ‘इंडिया’ नाम का गठबंधन कई राजनीतिक दलों ने मिलकर बनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘आप’ और कांग्रेस के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर हरपाल चीमा ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन हो चुका है. लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए, छोटे-मोटे मतभेद दूर कर बड़े उद्देश्य के लिए गठबंधन बनाया गया है। वित्त मंत्री के बयान से साफ है कि भगवंत मान सरकार कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हरपाल चीमा के बयान के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।

वहीं आम आदमी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर पंजाब के तमाम कांग्रेस नेताओं के बयान काफी विवादित रहे हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वारिंग ने भी अब तक आप के साथ गठबंधन के संकेत नहीं दिये हैं। इसके चलते राजनीतिक गलियारों में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाएं चल रही हैं और बाकी तो वक्त ही बताएगा।