जालंधर के डॉ.बी.आर. अंबेडकर चौक में साइकिल सवार व्यक्ति की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।
जालंधर में सोमवार सुबह करीब 9 बजे डॉ. बीआर अंबेडकर चौक पर ट्रक ड्राइवर ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
लोगों के अनुसार, बुजुर्ग साइकिल से जा रहे थे, तभी वह ट्रक की चपेट में आ गए। मृतक की पहचान बस्ती दानिशमंदा निवासी रतन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रतन सिंह साइकिल पर नकोदर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गए।
ट्रक का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।











































