Home Latest News Punjab Powercom में जल्द होगी नए डायरेक्टर जेनरेशन की नियुक्ति, आज बैठक...

Punjab Powercom में जल्द होगी नए डायरेक्टर जेनरेशन की नियुक्ति, आज बैठक में हो सकता है ऐलान

4
0

 पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को जल्द ही नया डायरेक्टर जेनरेशन मिलने जा रहा है।

 पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को जल्द ही नया डायरेक्टर जेनरेशन मिलने जा रहा है। बता दें कि, लंबे समय से खाली पड़े इस अहम पद को भरने के लिए पंजाब सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, आज चीफ सेक्रेटरी की अध्यक्षता में होने वाली अहम बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जाएगी और अंतिम नाम तय किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि चयन समिति की ओर से तय किए गए नाम को मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। सीएम की स्वीकृति के बाद नए डायरेक्टर जेनरेशन की औपचारिक नियुक्ति कर दी जाएगी।
4 नवंबर 2025 से खाली पड़ा पद
डायरेक्टर जेनरेशन का पद पिछले साल नवंबर से खाली है। पंजाब के बिजली मंत्री द्वारा पूर्व डायरेक्टर हरजीत सिंह को पद से हटाए जाने के बाद से यह जिम्मेदारी स्थायी रूप से किसी अधिकारी को नहीं सौंपी गई। ऐसे में बिजली उत्पादन और सप्लाई व्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसले प्रभावित हो रहे हैं।
धान सीजन और बढ़ती गर्मी के बीच बढ़ी अहमियत
राज्य में भीषण गर्मी के साथ-साथ धान सीजन की तैयारियां भी शुरू होने वाली हैं। ऐसे समय में बिजली उत्पादन और निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता बन गया है। इसी वजह से इस पद पर अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति को लेकर सरकार गंभीर नजर आ रही है।
25 इंजीनियरों ने किया आवेदन
जानकारी के मुताबिक, इस पद के लिए करीब 25 इंजीनियरों ने आवेदन किया है। इनमें से 17 उम्मीदवारों के पास बिजली उत्पादन क्षेत्र का अच्छा अनुभव माना जा रहा है, जबकि आठ इंजीनियरों के पास जेनरेशन सेक्टर में अनुभव की कमी बताई जा रही है।
पंजाब सरकार ने इससे पहले 30 मार्च 2026 को इस पद के लिए विज्ञापन जारी किया था। खास बात यह है कि विज्ञापन जारी होने से पहले पंजाब कैबिनेट ने डायरेक्टर (जेनरेशन) पद की पात्रता और शर्तों में बदलाव भी किया था।
चीफ सेक्रेटरी की कमेटी करेगी चयन
चयन प्रक्रिया की निगरानी चीफ सेक्रेटरी के.ए.पी. सिन्हा की अगुवाई में गठित कमेटी कर रही है। समिति में बिजली विभाग के सचिव बसंत गर्ग और पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (PFC) की चेयरपर्सन भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि बैठक के बाद चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच जाएगी।
PSPCL का प्रदर्शन लगातार बेहतर
इधर, पंजाब पावरकॉम पिछले तीन वर्षों में अपने कार्यों में लगातार सुधार दर्ज कर रहा है। केंद्रीय बिजली मंत्रालय और पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन द्वारा जारी रेटिंग रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने 2022-23 में ‘बी’ रेटिंग हासिल की थी, जो 2023-24 में बढ़कर ‘ए’ हुई और अब 2024-25 में कंपनी को ‘ए प्लस’ रेटिंग मिली है।
पावरकॉम का स्कोर भी 76.99 से बढ़कर 89.22 तक पहुंच गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, बिजली सप्लाई सिस्टम में सुधार, लाइन लॉस कम करना, बिलिंग और कलेक्शन प्रक्रिया मजबूत करना तथा आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से यह सुधार देखने को मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here