Home Latest News Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, इन जिलों में...

Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, इन जिलों में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट

7
0

पंजाब में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज और अगले दो दिनों तक पंजाब के अलग-अलग इलाकों में मौसम खराब बना रह सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि कुछ इलाकों में गर्म हवाओं यानी लू का असर भी बना रह सकता है।
तापमान में आई गिरावट
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में राहत दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। राज्य के सभी जिलों में तापमान 1 से 4 डिग्री तक नीचे आया है। फरीदकोट में सबसे अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना सबसे अधिक है।
हीट स्ट्रेस का खतरा
गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है। नौतपा के दौरान कई शहरों का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने से डॉग्स और कैट्स जैसे पालतू जानवरों में हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। विशेषज्ञों ने लोगों को जानवरों को ठंडे स्थान पर रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी है।
अगले तीन दिनों का मौसम अपडेट
30 मई
पठानकोट, रूपनगर और मोहाली सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तेज हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और बठिंडा समेत कई क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज हवाओं का अनुमान है।
31 मई
पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
1 जून
मौसम विभाग के अनुसार इस दिन फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है और मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
तापमान में और गिरावट संभव
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here