पंजाब के बरनाला में फेमस कबड्डी खिलाड़ी प्रगट सिंह उर्फ बग्गड़ का शव नहर में मिलने का मामला सामने आया है.
पंजाब के बरनाला जिले में फेमस कबड्डी खिलाड़ी प्रगट सिंह उर्फ बग्गड़ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. खिलाड़ी का शव धनौला-बरनाला रोड के पास एक नहर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. वह गांव हरीगढ़ के निवासी थे. घटना जिले के धनौला पुलिस थाना क्षेत्र की है.
जानकारी के अनुसार, मानां पिंडी-बरनाला रोड स्थित मैरीलैंड रिसॉर्ट के पास नहर किनारे एक मोटरसाइकिल लंबे समय तक खड़ी दिखाई दी. स्थानीय निवासी तलविंदर सिंह को जब करीब ढाई घंटे बाद भी बाइक वहीं खड़ी मिली तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने नहर में झांककर देखा तो पानी में एक युवक का शव तैर रहा था. इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
आर्थित तंगी से गुजर रहा था परिवार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया. बाद में शव की पहचान कबड्डी खिलाड़ी प्रगट सिंह उर्फ बग्गड़ के रूप में हुई. ग्रामीणों के मुताबिक प्रगट सिंह का परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से गुजर रहा था. करीब दो वर्ष पहले उनके बड़े भाई सुखविंदर सिंह का निधन हो गया था.
जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारियों का पूरा बोझ उनके कंधों पर आ गया था. उन्हें अपने परिवार के साथ-साथ बड़े भाई के परिवार की भी देखभाल करनी पड़ रही थी. ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक परेशानियों और बढ़ती जिम्मेदारियों के चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे.
मृतक परिजनों का कार्रवाई से इनकार
प्रगट सिंह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं. उनकी मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है. धनौला थाने के मुख्य मुंशी गुरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.