पंजाब

अधिकारयों की हवाई यात्रा और लग्ज़री होटलों में ठहरने पर लगाई रोक, राज्यपाल ने कहा जनता के पैसे की बर्बादी नही होने देंगे

चंडीगढ़ : पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित (Governor Banvarilal Purohit) ने सरकारी पैसों की बर्बादी और अफसरों के पर्यटन पर रोक लगा दी है। प्रशासक ने चंडीगढ़ प्रशासन को हवाई यात्रा बंद करने और दिल्ली आने वाले अधिकारियों के लग्जरी होटलों में रुकने पर रोक लगाने का आदेश दिया है।

प्रशासक ने सलाहकार धर्मपाल को पत्र लिखकर कहा है कि जिम्मेदार अधिकारी होने के नाते यह सुनिश्चित करना हमारा नैतिक कर्तव्य है कि जनता का पैसा बर्बाद न हो और फिजूलखर्ची किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न की जाए।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों द्वारा किये गये खर्च की जानकारी उनके ध्यान में लायी गयी है। इसमें कहा गया है कि अधिकारी दिल्ली के लक्जरी होटलों में रुके और वाणिज्यिक उड़ानों में बिजनेस क्लास में यात्रा की।

मौजूदा हालात पर गहनता से विचार करने के बाद पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने आदेश जारी किया है कि अब से किसी भी अधिकारी को हवाई मार्ग से दिल्ली आने की इजाजत नहीं दी जाएगी। दिल्ली जाने वाले सभी अधिकारी शताब्दी और वंदे भारत ट्रेनों से यात्रा करेंगे।

इसके अलावा अधिकारी किसी फाइव स्टार होटल में नहीं बल्कि यूटी गेस्ट हाउस, पंजाब भवन या हरियाणा भवन में रुकेंगे। बहरहाल, राज्यपाल का यह पत्र अधिकारियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।