Home Latest News बारिश-बर्फबारी और लू… पहाड़ से लेकर रेगिस्तान तक बदला मौसम; दिल्ली-UP सहित...

बारिश-बर्फबारी और लू… पहाड़ से लेकर रेगिस्तान तक बदला मौसम; दिल्ली-UP सहित इन 15 राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

11
0

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है.

देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. राजधानी दिल्ली में कभी भीषण गर्मी तो कभी अचानक ही बारिश जैसा मौसम हो जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने भी रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग के मुताबिक 16 जून को मॉनसून आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और क्षेत्रों में पहुंच सकता है. अगले चार से पांच दिनों के दौरान महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मॉनसून दस्तक दे सकता है.

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

16 से 21 जून के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना हैं. हरियाणा और राजस्थान में कुछ स्थानों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है. वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है. 18 और 19 जून को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है. वहीं, 16 से 20 जून तक राजस्थान के रेगिस्तान प्रभावित जिले जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, भीलवाड़ा सहित अन्य जिलों में भी बारिश जैसा मौसम बना रहेगा.
छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 जून तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 20 जून के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा के साथ तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

अरुणाचल प्रदेश से लेकर केरल तक मौसम का हाल

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 18 से 21 जून के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं तेलंगाना के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना बनी हुई है. गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा में 17 जून तक गर्म और उमस भरे मौसम से लोगों को परेशानी हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार 18 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि देश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here