Home Latest News हिमाचलियों के लिए खुशखबरी, 1 जुलाई से गगल–नोएडा के बीच शुरू होगी...

हिमाचलियों के लिए खुशखबरी, 1 जुलाई से गगल–नोएडा के बीच शुरू होगी इंडिगो की सीधी उड़ान

8
0

हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच हवाई संपर्क अब और बेहतर होने जा रहा है।

1 जुलाई से गगल हवाई अड्डे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच इंडिगो एयरलाइन की सीधी उड़ान सेवा शुरू होगी। इस नई सुविधा से यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, वहीं कांगड़ा तक की यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। यह सेवा सप्ताह के सभी सातों दिन उपलब्ध रहेगी।
उड़ान का समय
इंडिगो द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, विमान सुबह 9:55 बजे नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा और 11:40 बजे गगल हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे गगल से रवाना होकर विमान 1:40 बजे नोएडा पहुंचेगा। दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय लगभग 1 घंटा 40 मिनट रहेगा।
पर्यटन और श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
नई सीधी उड़ान सेवा से धर्मशाला, मैक्लोडगंज, कांगड़ा, चामुंडा, ज्वालाजी और कांगड़ा देवी मंदिर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, वीकेंड पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
किराए में हो सकता है बदलाव
शुरुआती दिनों में इस नई उड़ान के किराए में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, सामान्य दिनों में धर्मशाला–नोएडा का किराया लगभग 7,938 रुपये रहने का अनुमान है। वहीं, सप्ताहांत में मांग बढ़ने के कारण शनिवार को यह किराया 23,688 रुपये और रविवार को 18,333 रुपये तक पहुंच सकता है।
पर्यटन और हवाई संपर्क को मिलेगा नया आयाम
गगल एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि 1 जुलाई से गगल एयरपोर्ट औपचारिक रूप से नोएडा (जेवर) इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा। विमानन कंपनियों ने नई उड़ान का शेड्यूल और किराया अपनी वेबसाइटों पर जारी कर दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नई सेवा से हिमाचल प्रदेश के पर्यटन उद्योग और हवाई संपर्क को नया आयाम मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here