प्रदेश में मौसम करवट लेने से लाहुल व मनाली के पर्यटन स्थलों पर भारी बर्फबारी हो रही है।
अटल टनल के अंदर-बाहर 12 किलोमीटर क्षेत्र में 800 से अधिक पर्यटक वाहन रविवार शाम से फंसे हुए हैं। सड़कों पर शीशे जैसी बर्फ जमने से वाहन स्किड कर रहे हैं, जिससे कई पर्यटकों को गाड़ियों में ही रात गुजारनी पड़ी।
रोहतांग के पास एक फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी है। प्रशासन ने दोपहर 12 बजे तक 70 प्रतिशत लोगों को 4×4 वाहनों से रेस्क्यू कर मनाली पहुँचा दिया। बाकी 30% का कार्य जारी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा व पुलिस टीम रातभर मौके पर डटी रही, जबकि एसडीएम रमन कुमार सुबह चार बजे दोबारा पहुँचे।
पुलिस-बीआरओ का संयुक्त रेस्क्यू
पुलिस व बीआरओ की टीमों ने रातभर ऑपरेशन चलाया। जमी बर्फ के कारण वाहनों का नियंत्रण बिगड़ रहा था, लेकिन अधिकांश पर्यटकों को सुरक्षित मनाली पहुँचा दिया गया।
राहत सामग्री व बर्फ हटाओ अभियान
प्रशासन ने फंसे पर्यटकों को पानी, जूस व फल उपलब्ध कराए। बीआरओ ने बेल्ट मशीनों व यूरिया से सड़क की बर्फ हटाई, ताकि यातायात सुचारू हो सके। एसडीएम व बीआरओ मेजर रातभर निगरानी करते रहे।