Home Latest News पंजाब SIR अपडेट: मानसा, मुक्तसर और बरनाला में 90% से अधिक वोटर...

पंजाब SIR अपडेट: मानसा, मुक्तसर और बरनाला में 90% से अधिक वोटर मैपिंग हुई पूरी

13
0

पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्री-SIR वोटर मैपिंग का काम तेजी से जारी है।

पंजाब में अब तक 84 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि कई जिलों ने 90 प्रतिशत से अधिक का लक्ष्य हासिल कर लिया है।
मानसा, तरनतारन और मुक्तसर में तेजी
ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, मानसा जिला 93.72 प्रतिशत मैपिंग के साथ पूरे राज्य में पहले स्थान पर है। इसके अलावा तरनतारन (93.01%), श्री मुक्तसर साहिब (92.38%) और बरनाला (91.29%) भी शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल हैं। वहीं, मालेरकोटला, नवांशहर, अमृतसर, होशियारपुर और मोगा जैसे जिलों में भी काम 87% से 89% के बीच पूरा हो चुका है।
मोहाली, लुधियाना की स्थिति भी धीमी
एसएएस नगर (मोहाली) में मैपिंग की रफ्तार सबसे धीमी रही है, जहां केवल 65.88 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। लुधियाना में भी प्रगति अपेक्षाकृत कम है, जहां 73.64 प्रतिशत मैपिंग दर्ज की गई है।
2 करोड़ से अधिक मतदाताओं का डेटा अपडेट
राज्य में कुल 2,14,59,201 मतदाताओं में से अब तक 1,80,32,126 लोगों का मिलान 2003 की मतदाता सूची से किया जा चुका है। लगभग 34 लाख से अधिक मतदाताओं का डेटा अभी भी प्रक्रिया में है। इस मैपिंग के जरिए 2002–2004 की पुरानी वोटर लिस्ट से वर्तमान मतदाताओं का मिलान किया जा रहा है, ताकि रिकॉर्ड को और अधिक सटीक बनाया जा सके।
बीएलओ टीमों में बदलाव, काम में तेजी के निर्देश
काम की धीमी गति को देखते हुए कई जिलों में बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) में बदलाव किया गया है। कुल 24,453 बीएलओ इस प्रक्रिया में लगे हुए हैं।प्रशासन ने बताया कि कुछ कर्मचारियों के स्वास्थ्य, स्थानांतरण और अन्य कारणों से काम प्रभावित हुआ था, जिसके चलते टीमों को री-शफल किया गया है।
ईआरओ को निगरानी और तेज़ी लाने के निर्देश
इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर्स (ERO) को निर्देश दिए गए हैं कि वे रोजाना प्रगति की समीक्षा करें और बीएलओ के साथ तालमेल बढ़ाएं। जहां जरूरत हो, वहां आरडब्ल्यूए और स्थानीय समितियों की मदद से हाईराइज बिल्डिंग और शहरी इलाकों में भी मैपिंग तेज करने के आदेश दिए गए हैं।
SIR प्रक्रिया की तैयारी अंतिम चरण में
प्रशासन का कहना है कि 25 जून से पंजाब में SIR प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। इससे पहले प्री-मैपिंग को अंतिम रूप देने पर जोर दिया जा रहा है ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here