जालंधर के सुरानुसी इलाके में चोरों ने एक मिठाई की दुकान को अपना निशाना बनाया।
आनंद स्वीट्स शॉप में तड़के सुबह बाइक सवार तीन चोरों ने ताले तोड़कर कबाड़ा कर दिया। चोर दुकान के गल्ले से नकदी चुराने के साथ-साथ दुकान के अंदर बने मंदिर की पूरी तिजोरी ही उखाड़कर अपने साथ ले गए।
यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, यह चौथी बार है जब उनकी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ है कि बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश चोर दुकान के बाहर आकर रुकते हैं।
कुछ देर रेकी करने के बाद, दो चोर दुकान का ताला तोड़कर बड़ी आसानी से अंदर दाखिल हो जाते हैं, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर निगरानी रख रहा होता है।
चोरों ने दुकान के गल्ले से पैसे निकाले
अंदर घुसते ही एक चोर दुकान की मुख्य तिजोरी (गल्ले) से पैसे निकालने में लग जाता है। इसी बीच दूसरा चोर दुकान में बने मंदिर की तिजोरी को खोलने का प्रयास करता है। जब तिजोरी हाथ से नहीं खुलती, तो पहला चोर पेचकस से उसे उखाड़ने की कोशिश करता है।
पेचकस से भी कामयाबी न मिलने पर चोरों की ढिठाई और बढ़ जाती है। उनमें से एक चोर गाड़ी से सिब्बल (लोहे की रॉड) लेकर आता है। चोर सिब्बल के प्रहार से मंदिर की भारी-भरकम तिजोरी को दीवार और जमीन से पूरी तरह उखाड़ देते हैं और उसे अपने साथ उठाकर फरार हो जाते हैं।











































