Home Latest News GT vs CSK: हारते ही चेन्नई होगी IPL 2026 से बाहर, किसी...

GT vs CSK: हारते ही चेन्नई होगी IPL 2026 से बाहर, किसी की मेहरबानी से पहले गुजरात टाइटंस पर चाहिए बड़ी जीत

6
0

IPL 2026 के प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद अहम है.

चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2026 से बाहर होने की दहलीज पर खड़ी है. एक हार और पीली जर्सी वाली टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की सारी उम्मीदें खत्म. ऐसे में इस टीम को अपने दमदार प्रदर्शन के साथ-साथ प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों की मेहरबानी भी चाहिए होगी. बहरहाल, किसी की मेहरबानी बाद की बात है, पहले तो इस टीम के लिए जीत जरूरी है, वो भी बहुत बड़ी. अगर CSK ने 21 मई की शाम गुजरात टाइटंस को उसके घरेलू मैदान पर बड़ी हार रसीद की तो फिर उसके प्लेऑफ में पहुंचने के अरमान जिंदा रहेंगे.

IPL 2026 में दूसरी बार भिड़ेंगे CSK और GT

गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा. ये IPL 2026 में इन दोनों टीमों की दूसरी टक्कर होगी. इससे पहले चेन्नई में खेले मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने CSK को 8 विकेट से हराया था. अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मौका भी है और दस्तूर भी. वैसे भी उसके अहमदाबाद में जीत की डफली बजाने के सिवा दूसरा चारा नहीं है. क्योंकि, इस मुकाबले में हार उनकी प्लेऑफ में पहुंचने की बची-खुची उम्मीद भी तोड़ देगी.

चेन्नई का जीतना जरूरी मगर क्या है मुश्किल?

IPL 2026 के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने से बचने के लिए चेन्नई की टीम को बड़े मार्जिन से जीतना है. मगर ये काम आसान नहीं होगा. इसके पीछे की पहली वजह है दोनों टीमों के आंकड़े, जिसमें उनके बीच कांटे की टक्कर दिखी है. वहीं दूसरी वजह गुजरात टाइटंस की बेफिक्री. शुभमन गिल की अगुवाई वाली ये टीम पहले ही IPL 2026 के प्लेऑफ में जगह बना चुकी है. ऐसे में इस मुकाबले में वो बेखौफ क्रिकेट खेलेंगे. जहां तक गुजरात और चेन्नई के बीच टक्कर की बात है तो अब तक उनके बीच 9 मुकाबले IPL की पिच पर हुए हैं. उन 9 मुकाबलों में 5 गुजरात ने जीते हैं जबकि 4 CSK ने अपने नाम किए हैं.

बड़ी जीत के बाद भी CSK को चैन नहीं

अब सवाल है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को बड़े मार्जिन से हराकर 2 अंक ले लिए और अपना रन रेट भी सुधार लिया तो फिर आगे क्या? क्या इससे उसके प्लेऑफ का टिकट पक्का हो जाएगा? जी नहीं. गुजरात पर बड़े अंतर से जीत के बाद भी उन्हें दूसरी टीमों की मेहरबानी के भरोसे रहना होगा. चेन्नई के लिए ये बहुत जरूरी है कि पंजाब, राजस्थान, KKR जैसी प्लेऑफ की रेस में बनी टीमें अपने मुकाबले हार जाए.
पंजाब का मुकाबला LSG से है. राजस्थान का मुंबई से और कोलकाता नाइट राइडर्स सामना करेगी दिल्ली कैपिटल्स का. इसमें LSG और MI प्लेऑफ से बाहर हैं ऐसे में वो पंजाब और राजस्थान को हराती हैं तो उसका सीधा फायदा चेन्नई को होगा. वहीं KKR की तरह DC भी प्लेऑफ की दौ़ड़ में बनी है. इस मैच में DC का जीतना CSK के फेवर में रहेगा. मगर उसकी जीत का मार्जिन छोटा होना चाहिए.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here