Home Latest News IPL 2026: Sachin Tendulkar ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी, बताया वैभव सूर्यवंशी क्यों...

IPL 2026: Sachin Tendulkar ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी, बताया वैभव सूर्यवंशी क्यों कर रहे गेंदबाजों की पिटाई

6
0

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का क्रिस गेल का ही रिकॉर्ड तोड़ा, जिसके बाद वेस्टइंडीज के दिग्गज ने वैभव को क्रिकेट की नई सिक्स मशीन बता दिया.

क्रिकेट के ‘वंडर बॉय’ वैभव सूर्यवंशी ने आखिर वो कर ही दिया, जिसका उत्सुकता से हर किसी को इंतजार था. राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के ओपनर वैभव ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जमाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वैभव ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए क्रिस गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा. वैभव के इस कमाल के बाद खुद क्रिस गेल ने रिकॉर्ड तोड़ने पर युवा बल्लेबाज को बधाई दी. वहीं सबसे खास मैसेज मिला मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से, जिन्होंने वैभव के फ्रंट फुट से जुड़ी एक खासियत का जिक्र किया, जिसकी वजह से वो गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हैं.

वैभव ने तोड़ा गेल का रिकॉर्ड

न्यू चंडीगढ़ में बुधवार 27 मई की शाम वैभव सूर्यवंशी के बल्ले ने जमकर तबाही मचाई. वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जमाया और फिर 29 गेंदों में ही 97 रन बनाकर आउट हो गए. वो क्रिस गेल का 30 गेंदों में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके लेकिन एक आईपीएल सीजन में छक्कों का रिकॉर्ड जरूर तोड़ दिया. इस मैच से पहले वैभव को ये कमाल करने के लिए 7 छक्कों की जरूरत थी. वैभव ने पावरप्ले में ही 8 छक्के तोड़कर 2012 में बना रिकॉर्ड आखिर ध्वस्त कर दिया.

सचिन ने बताई वैभव की बड़ी ताकत

पिछले करीब 2 महीने से वैभव ने कई बार गेंदबाजों की जमकर खबर ली लेकिन सचिन तेंदुलकर ने अब तक इस पर कुछ नहीं कहा था. मगर एलिमिनेटर मैच के बाद तो सचिन ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी और वैभव की जमकर तारीफ की. उन्होंने वैभव की तकनीक के एक अहम पहलू पर ध्यान दिलाया. सचिन ने लिखा, “वैभव सूर्यवंशी का बैट स्विंग जबरदस्त रहा है. मगर इससे भी ज्यादा कमाल की बात है कि वो कितनी खूबसूरती से अपने फ्रंट फुट को हटाते हैं, ताकि उनके पैरों की तरफ आ रही गेंद को खेलने के लिए जगह बना सकें. इसके दम पर ही उन्हें इस तरह से खेलने की आजादी मिलती है. ये पारी बेहद शानदार थी.”

गेल, रसेल और जयसूर्या वैभव के दीवाने

वैभव ने अपनी पारी में कुल 12 छक्के लगाए और अब IPL के एक सीजन में 65 छक्कों के साथ नया रिकॉर्ड बना दिया, जो क्वालिफायर-2 में बढ़ सकता है. इस युवा बल्लेबाज की ऐसी हिटिंग से हर कोई हैरत में पड़ गया और सबने तारीफ की. खुद गेल भी इस मुकाबले को देख रहे थे और जैसे ही वैभव ने उनका रिकॉर्ड तोड़ा, वेस्टइंडीज के दिग्गज ने दिल खोलकर उन्हें बधाई दी और नई सिक्स मशीन बता दिया. गेल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “वैभव क्या जबरदस्त खिलाड़ी है. लाजवाब एंटरटेनमेंट लड़के. नई सिक्स मशीन.”
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 1056 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड रखने वाले गेल से ऐसी तारीफ मिलना कोई छोटी बात नहीं. मगर सिर्फ गेल ही नहीं, बल्कि छक्के लगाने के लिए उतने ही मशहूर आंद्रे रसेल और श्रीलंकाई दिग्गज सनत जयसूर्या ने भी भारतीय युवा बल्लेबाज को खूब शाबाशी दी. रसेल ने तो उम्र पर सवाल उठाने वालों को भी जवाब दिया.
रसेल ने लिखा, “यगंस्टर, बधाई हो. नफरत करने वाले कहेंगे कि तुम 15 साल के नहीं हो. किसे फर्क पड़ता है. यहां 30 साल वाले भी अपनी पूरी कोशिश करते हुए वो करने की कोशिश ही कर रहे हैं, जो तुम अभी कर रहे हो. लगे रहे, मैं बहुत बड़ा फैन हूं. बॉल को देखो और मारो.”
वहीं श्रीलंकाई दिग्गज जयसूर्या ने कहा, “वैभव ने कमाल की बैटिंग की है. बहुत ही खास प्रतिभा है, इतनी कम उम्र में ऐसा आत्मविश्वास. क्रिकेट को एक बहुत खास खिलाड़ी मिल रहा है.”

IPL के ये रिकॉर्ड भी हुए ध्वस्त

  1. सिर्फ सबसे ज्यादा छक्कों का ही नहीं, बल्कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी के साथ ही IPL 2026 सीजन में कुछ और रिकॉर्ड भी तोड़े. वैभव अब एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड (जिसने इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया) खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने अपने ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल (626 रन, 2023) का रिकॉर्ड तोड़ा. वैभव इस सीजन में अब तक 680 रन बना चुके हैं.
  2. अपने 16 गेंदों वाली फिफ्टी के दम पर वैभव ने IPL प्लेऑफ में सबसे तेज अर्धशतक के सुरेश रैना के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. रैना ने 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ 16 गेंदों में ही ये कमाल किया था.
  3. वैभव के बल्ले से इस मैच में 12 छक्के निकले और इस तरह नॉकआउट या प्लेऑफ मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड भी इस युवा बल्लेबाज के नाम हो गया. वैभव ने गुजरात टाइटंस के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल (10 छक्के vs मुंबई इंडियंस, 2023) का रिकॉर्ड तोड़ा. संयोग से क्वालिफायर-2 में वैभव और गिल आमने-सामने होंगे.
  4. इतना ही नहीं, वैभव ने पावरप्ले के अंदर ही 8 छक्के जड़ दिए थे. IPL के 19 सीजन के इतिहास में पावरप्ले के अंदर किसी भी बल्लेबाज ने इससे पहले इतने ज्यादा छक्के नहीं लगाए थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here