IPL 2026 में केएल राहुल ने फिर से एक बार 500 प्लस रन का आंकड़ा पार किया.
IPL में 500 प्लस रन केएल राहुल ने कोई पहली बार नहीं बनाए. अपने IPL करियर में वो ऐसा अब तक 8 बार कर चुके हैं. लेकिन, 8वीं बार 500 प्लस रन का आंकड़ा पार करने के बाद उन्होंने इसे पिछले 7 मौकों से अलग बता दिया. केएल राहुल ने IPL 2026 में बनाए अपने 500 प्लस रन को स्पेशल बताया. सवाल है क्यों? इसका जवाब उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबला खत्म होने के बाद दिया.
RR के खिलाफ दिल्ली की जीत में राहुल की दमदार भूमिका
दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 में 17 मई को खेले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 5 विकेट से दमदार जीत दर्ज की. दिल्ली की इस जीत में केएल राहुल की भूमिका अहम रही, जिन्होंने 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 42 गेंदों पर 3 छक्के की मदद से 56 रन बनाए. IPL 2026 में ये उनका चौथा अर्धशतक रहा, जिसके दम पर उन्होंने इस सीजन 500 रन का आंकड़ा भी पार किया. केएल राहुल के 13 मैचों के बाद अब 533 रन हो गए हैं.
IPL 2026 में बनाए 500+ रन स्पेशल क्यों?
अब सवाल ये है कि केएल राहुल ने 500 से ज्यादा रन तो IPL 2025 और IPL 2024 में भी बनाए. यहां तक कि IPL 2018 से IPL 2022 के बीच उन्होंने लगातार हर सीजन में 500 से ऊपर रन बनाए. लेकिन, उनके लिए IPL 2026 में बनाए 500 प्लस रन बाकियों से स्पेशल क्यों रहे? इसका जवाब है स्ट्राइक रेट. केएल राहुल ने खुद इस बारे में बताया है.
बेहतर स्ट्राइक रेट के चलते ये पारी स्पेशल- राहुल
दाएं हाथ के बल्लेबाज केएल राहुल ने कहा कि मैंने पहले भी 500 रन IPL के एक सीजन में बनाए हैं. लेकिन, ये स्पेशल है क्योंकि इसमें मैने अपने स्ट्राइक रेट का भी ख्याल रखा है, जो कि आधुनिक T20 की डिमांड है.
IPL 2026 में राहुल का स्ट्राइक रेट 171.93 का
बेशक, केएल राहुल ने IPL 2026 से पहले भी 7 बार 500 रन का आंकड़ा पार किया. लेकिन, तब उनकी बल्लेबाजी में वो स्पार्क नहीं दिखा वो अब दिखा है. यहां स्पार्क से मतलब स्ट्राइक रेट से है. केएल राहुल ने IPL 2026 में 171.93 की स्ट्राइक रेट से 13 मैचों में 533 रन बनाए हैं. इससे पहले उनका बेस्ट स्ट्राइक रेट पिछले सीजन में 149.72 का रहा था.
सवाल उठाने वालों को दिया जवाब
T20 फॉर्मेट में केएल राहुल पर स्ट्राइक रेट को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं. लेकिन, IPL 2026 में 310 गेंदों पर 533 रन ठोककर उन्होंने ना सिर्फ खुद में आए बदलाव के संकेत दिए हैं बल्कि अपनी ओर उंगलियां उठाने को भी जवाब दे दिया है.