Home Latest News Punjabi Singer R Nait के नए सॉन्ग पर कंट्रोवर्सी:शिवसेना ने कहा- साधुओं...

Punjabi Singer R Nait के नए सॉन्ग पर कंट्रोवर्सी:शिवसेना ने कहा- साधुओं को आपत्तिजनक ढंग से दिखाया, लुधियाना पुलिस को दी शिकायत

11
0

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर आर नैत अपने एक नए गाने ‘रील’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं।

इस गाने को लेकर लुधियाना में हिंदू संगठन ‘शिवसेना पंजाब’ ने कड़ा ऐतराज जताया है। संगठन का आरोप है कि आर नैत ने अपने गाने में हिंदू साधुओं और सनातन धर्म के पवित्र प्रतीकों का बेहद आपत्तिजनक दिखाया है, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
इस मामले को लेकर शिवसेना ने लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 3 में सिंगर के खिलाफ लिखित शिकायत दे दी है और गायक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
गाने का सीन जिस पर हिंदू संगठनों को एतराज है।
गाने का सीन जिस पर हिंदू संगठनों को एतराज है।
सॉन्ग के वीडियो में क्या दिखाया गया है, पहले यह जानिए….
  • साधु के वेश में सिंगर: वीडियो की शुरुआत में सिंगर आर नैत खुद एक साधु या तांत्रिक के वेश में नजर आते हैं। उन्होंने गले में बड़ी-बड़ी रुद्राक्ष की मालाएं, सिर पर कपड़ा और कानों में बड़े-बड़े पारंपरिक कुंडल पहने हुए हैं। लेकिन इस धार्मिक पहनावे के साथ उन्होंने आधुनिक चश्मा लगाया हुआ है और हाथ में माला जपते हुए एक्टिंग कर रहे हैं। उनके पीछे भगवा वस्त्र पहने कुछ अन्य लोग भी साधु के रूप में खड़े हैं।
  • सोशल मीडिया रील के लिए दरबार: नैत के सामने एक महिला सह-कलाकार बैठी है, जो गाकर अपनी समस्या बता रही है कि उसकी सोशल मीडिया रील क्यों नहीं चल रही है। इसके जवाब में साधु बने नैत हाथ में माला लेकर उसे अजीब और मजाकिया तरीके से हिलाते हैं।
  • लड्डू का डिब्बा और गैजेट्स का खेल: जब महिला अपनी समस्या बताती है, तो वह खुश होकर एक लड्डू का डिब्बा आगे बढ़ाती है, जिसे नैत साधु के रूप में स्वीकार करते हैं। इसी दौरान उनके पीछे खड़ा एक व्यक्ति, जो खुद साधु के कपड़ों में है, वह एप्पल का लैपटॉप चला रहा है।
  • चमकीले कपड़े और डांस: अगले ही पल सीन बदलता है और दिन के दरबार से हटकर रात का सीन आता है। यहां सिंगर आर नैत साधु के चोले से अलग एक चमकीली मॉडर्न जैकेट और आधुनिक चश्मे में रात के समय उन्हीं भगवा वस्त्रधारी साधुओं के साथ नाचते और गाते हुए दिखते हैं।
इन सीन पर है हिंदू संगठनों को एतराज।
इन सीन पर है हिंदू संगठनों को एतराज।
  • धार्मिक प्रतीकों से टोटका: वापस दरबार के सीन में नैत महिला का मोबाइल फोन अपने हाथ में लेते हैं और उस फोन के ऊपर पूजा की पवित्र माला को रगड़ते और घुमाते हैं। गाने के बोल आते हैं कि “संत लगाएंगे ऐड (विज्ञापन)” और पीछे खड़ा साधु लैपटॉप पर लगातार टाइपिंग करता दिखता है। फोन पर माला रगड़ने के इस सीन को तंत्र-मंत्र और पूजा पद्धति का मजाक उड़ाने जैसा दिखाया गया है।
  • कृपा अटकने का मजाक: रात के आधुनिक सीन में नैत कैमरे की तरफ उंगली दिखाकर गा रहे हैं “कृपा कित्थे फसी हुई है, खुद करेंगे गाइड बाबा” (यानी आपकी कृपा कहां रुकी है, बाबा खुद बताएंगे)। उनके पीछे भगवा वस्त्र पहने बुजुर्ग साधु नाच रहे हैं।
  • घड़ी देखना और ढोंग की एक्टिंग: दरबार के एक सीन में नैत अपने हाथ की माला को अजीब तरीके से हवा में लहराते हैं और अचानक अपनी कलाई की महंगी घड़ी (वॉच) देखते हैं, जैसे समय समाप्त हो रहा हो। आखिरी सीनों में वह महिला के सिर पर हाथ रखकर अजीब तरह से अपनी आंखें ऊपर चढ़ाकर ढोंग करने की एक्टिंग करते हैं और महिला का फोन हवा में लहराकर आशीर्वाद का नाटक करते हैं।थाना डिवीजन नंबर तीन में शिकायत देते हुए शिव सेना नेता
हिंदू संगठनों ने विरोध में क्या-क्या कहा, जानिए…
  • गाना रील को लेकर शिकायत: शिवसेना पंजाब के प्रधान वनीत दुआ और उनकी टीम ने आर नैत द्वारा हाल ही में जारी किए गए गाने ‘रील’ के खिलाफ आधिकारिक रूप से यह शिकायत दर्ज कराई है। वीडियो में सिंगर द्वारा हिंदू संतों और भक्तों से जुड़े पवित्र धार्मिक प्रतीकों व पहनावे जैसे रुद्राक्ष माला, डमरू, मोर पंख और साधु जैसे रूप का चित्रण किया गया है।
  • धार्मिक महत्ता और आस्था: शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि ये सभी प्रतीक करोड़ों हिंदुओं के लिए गहरी धार्मिक महत्ता रखते हैं और भगवान शिव तथा हिंदू आध्यात्मिक परंपराओं से सीधे जुड़े हुए हैं। इन पवित्र प्रतीकों को जिस तरीके से वीडियो में दिखाया गया है, उससे हिंदू समुदाय और भक्तों में गहरी चिंता है, और उनका मानना है कि इस अनुचित सीन से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
  • संत परंपरा का मजाक: शिवसेना पंजाब के प्रधान वनीत दुआ का कहना है कि केवल व्यूज और सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए हमारी सदियों पुरानी संत परंपरा को ‘पाखंड और बिजनेस’ के रूप में दिखाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलाकारों को अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रयोग जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
  • पवित्रता और पॉप-कल्चर का टकराव: हिंदू संगठनों का तर्क है कि सनातन धर्म में भगवा वस्त्र, रुद्राक्ष और तिलक वैराग्य, त्याग और तपस्या के प्रतीक हैं। इन्हें फूहड़ गानों, चमकीली जैकेटों और अजीब डांस स्टेप्स के साथ जोड़कर एक ‘पॉप-कल्चर’ का हिस्सा बनाना आस्था के साथ खिलवाड़ है।
  • कानूनी कार्रवाई की मांग: संगठन ने पुलिस से गाने की सामग्री की समीक्षा और जांच करने का अनुरोध किया है, ताकि यदि धार्मिक भावनाओं या सांप्रदायिक सद्भाव के कानून का उल्लंघन पाया जाए, तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सके।
SHO बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 3 के प्रभारी (SHO) अमरजीत सिंह ने कहा कि लिखित शिकायत प्राप्त हो चुकी है। शिकायत में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। संबंधित वीडियो (रील) और उससे जुड़े अन्य तकनीकी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों की सहमति और कानून के अनुसार आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पंजाबी सिंगर आर नैत से जुड़े विवाद, पढ़िए…
  • म्यूजिक कंपनी के साथ पैसों के लेन-देन का विवाद: अगस्त 2020 में मोहाली की होमलैंड हाइट्स सोसाइटी में आर नैतऔर उनके साथियों पर म्यूजिक वीडियो प्रोड्यूसर्स ने हमला किया था। यह पूरा विवाद पैसों के लेन-देन और एक गाने की वीडियो रिलीज को लेकर हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावरों की संख्या 15 से 20 के बीच थी। इस मारपीट के दौरान सिंगर के एक सिख दोस्त की पगड़ी उतर गई थी, जिसके बाद मोहाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और मारपीट की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि यह हमला काफी गंभीर था, लेकिन इसमें किसी को जानलेवा चोटें नहीं आई थीं।
  • गैंगस्टर्स से 1 करोड़ की फिरौती और जान से मारने की धमकी: सितंबर 2024 में आर नैत के मैनेजर ने मोहाली पुलिस में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि सिंगर को विदेशी नंबरों से कुख्यात गैंगस्टरों की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उनसे 1 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई। पुलिस जांच और मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात की भी पुष्टि हुई थी कि धमकी देने वाले कॉलर ने आर नैत को डराने के लिए उन्हीं के हिट गाने की मशहूर लाइन का इस्तेमाल किया था। पंजाब पुलिस ने सिद्धू मूसवाला हत्याकांड के बाद सिंगर्स की सुरक्षा को देखते हुए इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया था।
  • गानों में गन-कल्चर और हथियारों के प्रदर्शन को बढ़ावा: आर नैत समेत पंजाब के कई बड़े गायकों पर गानों में गन-कल्चर, हथियारों के प्रदर्शन और आक्रामक रवैये के जरिए युवाओं को गुमराह करने के आरोप लगते रहे हैं। विशेष रूप से गुरलेज अख्तर के साथ आए उनके फेमस गाने ‘315’ (तीन सौ पंद्रह) को लेकर बंदूकों के प्रचार के आरोप लगे थे। पंजाब सरकार और पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के गानों में हथियारों और हिंसा के प्रदर्शन पर पूरी तरह से रोक लगाने और सख्ती बरतने के बाद आर नैत के कुछ पुराने गानों और वीडियो क्लिप्स को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल हुआ था। पुलिस की तरफ से भी सिंगर्स को ऐसा कंटेंट हटाने की चेतावनी दी गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here