पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
15 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पंजाब के 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में भी कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है।
तेज रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों में कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर वर्षा पटियाला में रिकॉर्ड की गई, जबकि जालंधर और लुधियाना में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके बावजूद राज्य के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मानसून की रफ्तार होगी तेज
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के पंजाब और हरियाणा के शेष क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
जानिए अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
7 जुलाई: राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में गरज-चमक तथा बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
8 जुलाई: पूरे पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा।
9 जुलाई: राज्यभर में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में मौसम विभाग ने फिर से गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।