Home Latest News Tarantaran में रंजिश में किशोर की हत्या:मोमोज खा रहे 2 सगे भाइयों...

Tarantaran में रंजिश में किशोर की हत्या:मोमोज खा रहे 2 सगे भाइयों पर दोस्तों का हमला; वारदात के बाद आरोपी फरार

6
0

तरनतारन जिले के हरिके कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते एक किशोर की हत्या कर दी गई।

दोस्तों ने 2 नाबालिग भाइयों पर कथित तौर पर श्री साहिब से हमला किया, जिसमें छोटा भाई घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरलाल सिंह (15) और उसका बड़ा भाई अंगदजोत सिंह (17) निवासी हरिके, बीती रात करीब 8:30 बजे पट्टी रोड स्थित एक दुकान पर मोमोज खा रहे थे। इसी दौरान अंगदजोत के साथ पढ़ने वाले उसके पुराने दोस्त वहां पहुंच गए। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि गुरशेर सिंह, सरूप सिंह और सिमरन सिंह ने दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान अंगदजोत सिंह पर श्री साहिब से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़े भाई को बचाने के लिए जब गुरलाल सिंह बीच-बचाव करने आया तो उसे भी घायल कर दिया गया।
घायल दोनों भाइयों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंगदजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुरलाल सिंह का इलाज जारी है। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना हरिके पत्तन के प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता बलविंदर सिंह के बयान के आधार पर गुरशेर सिंह, सरूप सिंह और सिमरन सिंह, तीनों निवासी गांव मरहाणा, के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पट्टी भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here