पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और अभिनेता योगराज सिंह को महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में बड़ा झटका लगा है।
चंडीगढ़ जिला अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। यह मामला वेब सीरीज लुक्खे के एक वायरल वीडियो क्लिप से जुड़ा है, जिसमें योगराज सिंह के किरदार द्वारा महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस संबंध में अब योगराज के वकील हरमन जीत सिंह का कहना है कि वह हाईकोर्ट में याचिका लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
चंडीगढ़ के दो एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा ने इस मामले में एसएसपी को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि सोशल मीडिया पर 17 सेकेंड की एक वीडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें महिलाओं के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।
यह वीडियो अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई, 2026 को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज लुक्खे के एक एपिसोड का हिस्सा बताया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि इस तरह की भाषा महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर सीधा हमला है।











































