फिल्म धुरंधर के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ सेक्टर-17 थाने में युवती ने यौन उत्पीड़न की FIR दर्ज कराई है।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने फाइव स्टार होटल में बुलाकर उसे गलत तरीके से छुआ, विरोध करने पर मारपीट की और गलत तरीके से बंधक बनाकर रखने जैसी हरकतें कीं।
युवती ने आरोप लगाया कि उसकी ड्रिंक में संदिग्ध नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी। पुलिस ने जांच के बाद 21 अप्रैल 2026 को FIR दर्ज की थी, लेकिन इसका खुलासा सोमवार देर शाम को हुआ है।
जानकारी के अनुसार, FIR के बाद सेक्टर-17 की पुलिस ने आरोपी प्रोडक्शन डिजाइनर को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन उससे पहले ही आरोपी ने जिला अदालत से अग्रिम जमानत ले ली।

चंडीगढ़ सेक्टर-17 थाने में युवती ने FIR दर्ज करवाई है। – फाइल फोटो
चंडीगढ़ की पीड़िता, आरोपी मुंबई का
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चंडीगढ़ के खुड्डा लाहौरा की रहने वाली युवती ने 20 अप्रैल को सेक्टर-17 थाने में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79, 123 और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पीड़िता स्थायी रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली है, लेकिन फिलहाल नई दिल्ली में रह रही है। शिकायत में आरोपी का पता मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित ओबेराय स्प्रिंग बिल्डिंग है। प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे धुरंधर फिल्म के भव्य सेट में थाईलैंड में पाकिस्तान का लियारी टाउन बनाने से चर्चा में आए।

फिल्म में दिखाया गया पाकिस्तान का लियारी टाउन थाईलैंड में बनाया गया था। – स्क्रीन ग्रैब
युवती ने शिकायत में ये बातें लिखवाईं…
- टीचर के जरिए फिल्म से जुड़ी युवती: शिकायत में युवती ने बताया कि वर्ष 2025 में वह चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान एक टीचर के माध्यम से उसका बायोडाटा फिल्म धुरंधर की टीम तक पहुंचा। इसके बाद सैनी एस. जोहरे ने उसे 2 सितंबर 2025 को फिल्म प्रोजेक्ट में असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर के तौर पर शामिल किया। सैनी ने खुद को उसका मेंटर बताया।
- काम पर चर्चा के लिए होटल बुलाया: शिकायत के अनुसार, प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने के 4-5 दिन बाद आरोपी ने उसे काम की चर्चा के नाम पर सेक्टर- 17 स्थित होटल के कमरे में बुलाया। युवती का कहना है कि शुरुआत में उसे लगा कि यह टीम मीटिंग होगी, लेकिन बाद में पता चला कि वहां किसी अन्य टीम सदस्य को नहीं बुलाया गया था।
- शराब पीने का दबाव बनाया: पीड़िता ने शिकायत में कहा कि 10 सितंबर 2025 की रात वह करीब साढ़े 8 बजे होटल के कमरे में पहुंची। वहां आरोपी ने उसे शराब पीने के लिए दबाव बनाया। ड्रिंक पीने के लगभग 5 मिनट बाद उसे चक्कर आने लगे और उसकी हालत बिगड़ने लगी।
- तबीयत बिगड़ने पर भी जाने नहीं दिया: युवती का आरोप है कि आरोपी ने डांस सिखाने के बहाने उसे गलत तरीके से छूआ। इस दौरान उसकी तबीयत और बिगड़ गई और उसने 10 से 15 बार उल्टियां कीं। इसके बावजूद आरोपी ने उसे कमरे से नहीं जाने दिया और उसके साथ रेप किया। इसका विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की।










































